फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में पेयजल की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) की ओर से यमुना किनारे बनाए जा रहे 6 रेनीवेल का निर्माण कार्य जल्द पूरा हो जाएगा, जिससे 20 कॉलोनियों में बिना किसी बाधा के पेयजल पहुंचेगा. इससे करीब 1 लाख लोगों को फायदा मिलेगा.
पानी की समस्या ज्यादा
शहर में पेयजल की समस्या सबसे ज्यादा एनआईटी और बड़खल क्षेत्र में है. सेक्टर- 25 जलघर से पानी सेक्टर- 55, 22, 23, संजय कॉलोनी, प्रतापगढ़, एसजीएम नगर, सैनिक कॉलोनी, जीवन नगर, राजीव कॉलोनी तक जाता है, लेकिन इस बूस्टर में पानी इतना कम आता है कि सप्लाई 3 दिन में एक बार आती है. ऐसे में कुछ लोग ट्यूबवेल का खारा पानी पीने को मजबूर है और कुछ प्राइवेट टैंकर मंगवा कर काम चला रहे है.
इन गांव में बन रहे रेनीवेल
लोगों को पेयजल की समस्या से निजात दिलाने के लिए FMDA की ओर से गांव लालपुर, मिर्जापुर और मंझावली सहित कई गांव में 12 रेनीवेल लगाए जा रहे है. इनमें से 6 का निर्माण कार्य जून तक पूरा करने का उद्देश्य है. प्रत्येक रेनीवेल की क्षमता 10 एमएलडी होगी. इन रेनीवेल के बनने से लोगों को पानी की समस्या से छुटकारा मिलेगा और स्वच्छ पानी पीने को मिलेगा.
पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर
रेनीवेल और ट्यूबवेल के जरिए पानी की आपूर्ति करने की यह प्रक्रिया न केवल पानी की समस्या का समाधान करेगी, बल्कि जल संरक्षण के उपायों को भी बढ़ावा देगी. यमुना किनारे लगाए जाने वाले ट्यूबवेल प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग को प्राथमिकता देंगे. इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर में जल आपूर्ति के मामले में एक आत्मनिर्भरता और आधुनिक शहर के रूप में उभरेगा.
