फरीदाबाद | हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद के लोगों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या को खत्म करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. बता दें कि सरकार ने गंगाजल को सीधे फरीदाबाद तक पहुंचाने के लिए एक योजना बनाई है. इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश के हापुड़ क्षेत्र स्थित अपर गंगा कैनाल से गंगाजल लाकर फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा.

इस परियोजना के लिए लगभग 35 किलोमीटर लंबी और 3500 MM व्यास की बड़ी पाइपलाइन बिछाने का प्लान तैयार किया है. यह पाइपलाइन हापुड़ से अमीपुर तक लाई जाएगी, जहां से शोधन यंत्रों के जरिए पानी को साफ कर शहर के अलग -अलग इलाकों में सप्लाई किया जाएगा.
हरियाणा और UP के मंत्री के बीच मुलाकात
फरीदाबाद शहर लंबे समय से भूजल और यमुना के सीमित एवं खराब गुणवत्ता वाले पानी पर निर्भर है. तेजी से बढ़ती आबादी और उद्योगों के कारण शहर में पानी का संकट लगातार गहराता जा रहा है. कई इलाकों में खारे पानी की समस्या बढ़ती जा रही है. इसके लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री जल्द ही उत्तर प्रदेश के मंत्री और जलशक्ति मंत्री से मुलाकात करेंगे.
सरकार का मानना है कि इस गंगाजल परियोजना के लागू होने के बाद शहर को स्वच्छ पेयजल मिलेगा और भूजल पर निर्भरता कम होगी. इससे आने वाले 25 से 30 वर्ष तक पानी की समस्या खत्म हो सकेगी. इसके अलावा, औद्योगिक क्षेत्रों में भी पानी की आपूर्ति पूरी हो सकेगी.
मांग और पूर्ति में बड़ा अंतर
वर्तमान में फरीदाबाद शहर की आबादी 30 लाख से अधिक है और शहर में पेयजल की आपूर्ति 3OO MLD है, लेकिन शहरवासियों की मांग 450 MLD है. यहां मांग और आपूर्ति में बड़ा अंतर होने के कारण शहर की आबादी ज्यादातर टैंकरों पर निर्भर है. सबसे अधिक दिक्कत अरावली पहाड़ों के आसपास और NIT क्षेत्र में है. इसी कारण राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है. इस गंगाजल परियोजना के पूरा होने के बाद लंबे समय तक शहर में जल सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी.