फरीदबाद | हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की तरफ से अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को ड्रोन पायलट की ट्रेनिंग दी जाएगी. यह ट्रेनिंग युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आधुनिक तकनीक से कनेक्ट करने की दिशा में एक बड़ा कदम है. ड्रोन पायलट बनने के बाद युवाओं को वीडियो, फोटोग्राफी, खेतों में छिड़काव और कंपनियों में सर्विलांस का काम मिल सकता है.
यह होनी चाहिए योग्यता
इससे उनके लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे. फरीदाबाद और नूंह में 22- 22 युवाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी. वहीं, गुरुग्राम के 26 युवाओं को प्रशिक्षण के लिए चुना जाएगा. इसके लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए व आवेदक राज्य की अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित होना चाहिए. उसकी पारिवारिक वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक हो और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास होनी चाहिए.
यहां जमा करें आवेदन
इसके लिए आवेदन ऑफलाइन मंजूर किए जाएंगे. इच्छुक उम्मीदवार अपना आवेदन अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम कार्यालय में जमा कर सकते हैं. नूंह के उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि ट्रेनिंग के लिए पात्रता मानदंड निर्धारित किए गए हैं. ज्यादा जानकारी के लिए मोहन लाल, क्षेत्रीय अधिकारी के मोबाइल नंबर- 9729788522 पर संपर्क किया जा सकता है.
उपायुक्त का कहना है कि यह पहल युवाओं को नई तकनीकी दक्षता देकर उन्हें स्वरोजगार एवं कृषि क्षेत्र में रोजगार के मौको से जोड़ने की दिशा में एक अहम कोशिश है. इस ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए महिलाएं भी अप्लाई कर सकती हैं.
