फरीदाबाद | हरियाणा की फरीदाबाद जिले में नेहरू कॉलोनी के 8000 मकानों को गिराए जाने की तैयारी हो चुकी है. दरअसल, सरकार यहां एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण करना चाह रही है. इसीलिए पुनर्वास विभाग द्वारा इन मकान मालिकों को 10 जुलाई तक का नोटिस देते हुए चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा में मकान सरेंडर नहीं किया गया. उसके बाद, विभाग द्वारा स्वयं कब्जा खाली कर लिया जाएगा.
विधायक ने दिया आश्वासन
8000 मकानों में रहने वाले लोगों को अपने सिर से छत छिनने का डर सता रहा है. उनका कहना है कि बीते 50 सालों से वे यहां रह रहे हैं और चुनाव में वोट भी करते हैं. अगर सरकार उनका आशियाना छीन लेगी तो वे कहां जाएंगे. इस बारे में विधायक धनेश अदलखा ने आश्वासन देते हुए कहा कि किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा. सरकार सबके साथ है.
पुनर्वास विभाग की जमीन पर बताया गया कब्जा
नेहरू कॉलोनी में वर्तमान में कुल मिलाकर लगभग 8000 मकान हैं और यहां लाखों की संख्या में लोग रहते हैं. सरकार का कहना है कि यहां के निवासियों ने पुनर्वास विभाग की 60 एकड़ जमीन पर कब्जा करके अवैध रूप से मकान बनाए हैं. सरकार यहां एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाना चाहती है, जिससे फरीदाबाद में मेट्रो चौक से सैनिक कॉलोनी रोड तक जाम खत्म करने में मदद मिलेगी. गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालक इस फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर पाएंगे. इससे उनके समय और ईंधन की बचत होगी.
