फरीदाबाद के सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर, करोड़ों रुपए से तैयार होगी नई बिल्डिंग

फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां फरीदाबाद मंडल के कई सरकारी स्कूलों की बिल्डिंग को नए सिरे से निर्माण किया जाएगा. इसमें फरीदाबाद के ददसिया गांव स्थित प्राथमिक स्कूल और पलवल के अलावलपुर गांव स्थित सरकारी स्कूल की बिल्डिंग शामिल हैं. इस संबंध में हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद ने 7,09,55,800 रुपए की बजट राशि जारी कर दी है और इसके निर्माण के लिए टेंडर भी जारी किया गया है.

School Park

जर्जर हालत में पहुंच चुकी है बिल्डिंग

गांव ददसिया के प्राथमिक स्कूल की बात करें, तो सालों पहले पीडब्ल्यूडी विभाग इस बिल्डिंग को जर्जर घोषित कर चुका है. इसके बावजूद, बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर इस बिल्डिंग में बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं. स्कूल की बिल्डिंग के नए सिरे से निर्माण को लेकर पंचायत और ग्रामीणों द्वारा लगातार मांग उठाई जा रही थी. अब हरियाणा स्कूल शिक्षा परिषद ने नए सिरे से निर्माण के लिए टेंडर जारी किया है. इसके तहत, 1 करोड़ से ज्यादा की धनराशि खर्च की जाएगी.

इसमें नंगला गुजरान स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की चारदीवारी के निर्माण का बजट भी शामिल हैं. इस स्कूल की बिल्डिंग के निर्माण कार्य को एक साल में पूरा कर लिया जाएगा. यानि अगले शैक्षणिक सत्र से बच्चों को स्कूल की नई बिल्डिंग में बैठकर पढ़ने का मौका मिलेगा.

पलवल के अलावलपुर गांव स्थित सरकारी स्कूल की बिल्डिंग भी काफी खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी है. अब इस स्कूल की बिल्डिंग को 3 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से नए सिरे से बनाया जाएगा. नई बिल्डिंग बनने से छात्रों को राहत पहुंचेगी.

स्कूलों का होगा सौंदर्यीकरण

हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत नूंह जिले के 81 सरकारी स्कूलों के सौंदर्यीकरण का फैसला लिया है. इसमें स्कूल में रंगाई- पुताई, शौचालय, खेल मैदान, बागवानी और चारदीवारी सहित विभिन्न कार्य करवाए जाएंगे. इनके ऊपर 2,31,02,527 रुपए की धनराशि खर्च होगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.