फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. लोगों को शहरों की सड़कों की भीड़- भाड़ से छुटकारा दिलाने के लिए हाइवे और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है. प्रमुख बिजी चौक- चौराहों पर एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं, ताकि ट्रैफिक संचालन सुचारू रूप से जारी रखा जा सके. इसी कड़ी में फरीदाबाद से एक अच्छी खबर सामने आई है.
बेहतर होगी आवाजाही
फरीदाबाद जिले की दिल्ली से कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए आश्रम रोड से फरीदाबाद तक एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिसके बाद लोगों को फरीदाबाद से आश्रम तक जाने में ट्रैफिक जाम से नहीं जूझना पड़ेगा और यह सड़क मार्ग पूरी तरह से सिग्नल फ्री हो जाएगा. बता दें कि शहर के सेक्टर- 37 स्थित अशोका एन्क्लेव में फरीदाबाद जिले के तीनों मंत्रियों विपुल गोयल, राजेश नागर और गौरव गौतम के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया था. इस समारोह में लोगों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने यह जानकारी साझा की है.
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह बहुत पुरानी मांग चली आ रही थी. अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार है तो इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाने में कोई अड़चन नहीं आएगी. उन्होंने बताया कि इसी सड़क मार्ग से फरीदाबाद से हजारों की संख्या में वाहन आवाजाही करते हैं, इसलिए अब इस योजना को प्रमुखता से पूरा किया जाएगा ताकि लोगों को सफर में राहत मिल सके.
विकास की नई पटकथा लिख रहा तिगांव
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि कभी सड़क निर्माण के लिए इधर- उधर ताकने वाले तिगांव विधानसभा क्षेत्र में ही आज चौड़ी सीमेंटेड सड़कें, बिजली स्टेशन, नए स्कूल और IIT जैसे प्रोजेक्ट्स विकास की नई पटकथा लिख रहे हैं. सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में आज समूचे हरियाणा का एक समान विकास हो रहा है. आमजन की समस्याएं दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.
