फरीदाबाद के सेक्टर- 56 में बनेगा नया अस्पताल, इन इलाकों के लोगों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां सेक्टर- 56 में 50 बेड के अस्पताल का निर्माण किया जाएगा. इससे आसपास की कई कालोनियों और सेक्टर की लगभग 2 लाख आबादी को राहत पहुंचेगी. वर्तमान में आसपास के क्षेत्र में कोई सरकारी अस्पताल नहीं है.

Hospital Doctor

विधायक की मेहनत रंग लाई

सेक्टर- 55, 56 और राजीव कालोनी के लोग लंबे समय से NIT फरीदाबाद से बीजेपी विधायक सतीश फागना से अस्पताल खोले जाने की मांग कर रहे थे. इसके बाद,उन्होंने इस संबंध में सीएम नायब सैनी से बातचीत की थी. पिछले दिनों विधायक ने सीएमओ से भी इस बाबत चर्चा की थी. विधायक की मांग पर अब सीएमओ ने प्रस्ताव बनाकर स्वास्थ्य महानिदेशक (डीजी) को भेजा है.

वर्तमान में सेक्टर- 56 के आसपास कोई बड़ा सरकारी अस्पताल नहीं है. ऐसे में लोगों को इलाज़ के लिए नागरिक बादशाह खान अस्पताल या फिर बल्लभगढ़ अस्पताल की ओर रुख करना पड़ता है. लेकिन अब लोगों को इस भागदौड़ से छुटकारा मिलेगा और यहां नया अस्पताल बनने से उन्हें अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होगी.

इन क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा लाभ

अस्पताल बनने से सेक्टर- 55, 56, समयपुर रोड, सोहना रोड, राजीव कालाेनी, कृष्णा कालोनी, सरुरपुर, जीवन नगर, गौछी, कुरैशीपुर, फतेहपुर तगा, खेड़ी कलां और नंगला एन्क्लेव की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा.

जिले के नागरिकों को घर के नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो, इसी उद्देश्य से हमने सेक्टर- 56 में अस्पताल बनाए जाने संबंधी प्रस्ताव स्वास्थ्य महानिदेशक को भेजा है- डॉ जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.