फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद शहर से लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नगर निगम ने न केवल शहर के डंपिंग यार्ड को खत्म करने का फैसला लिया है, बल्कि उनकी जगह पर पार्क विकसित कर लोगों को उनमें ओपन जिम और सैर- सपाटे के लिए फुटपाथ ट्रैक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई है. बल्लभगढ़ और NIT में ऐसी 4 जगहों को चिह्नित किया गया है. इन जगहों के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और दिवाली के बाद पार्क तैयार करने का काम शुरू कर दिया जाएगा.
फरीदाबाद के इन वार्डों में बनेंगे पार्क
वार्ड नंबर 42 में मिल्क प्लांट रोड पर एक एकड़ जमीन पर पार्क विकसित किया जाएगा. इस जगह पर डंपिंग यार्ड है और आसपास के लोग समझाने के बावजूद भी यहां कूड़ा- कचरा डालने से परहेज नहीं कर रहे हैं. हाल ही में निगम की टीम ने डंपिंग यार्ड का निरीक्षण कर कूड़ा- कचरा साफ करते हुए पार्क बनाने की तैयारियां शुरू कर दी है.
इसी तरह वार्ड नंबर 43 में दो एकड़ भूमि पर पार्क विकसित किया जाएगा. इस जगह पर भी कूड़े- कचरे के ढेर लगे हुए हैं. नगर निगम ने बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इन दोनों पार्कों के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं. इन पार्कों में लोगों को ओपन जिम, बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट, फुटपाथ पार्क, बच्चों के लिए खेलने वाले झूले, पीने का साफ पानी, शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.
2 पार्कों की सौगात
नाले के पास स्थित संजय कॉलोनी में लगभग डेढ़ एकड़ जमीन पर पार्क विकसित किया जाएगा, जिसपर 1 करोड़ रुपए खर्च होंगे. वर्तमान में नगर निगम की इस खाली पड़ी जमीन पर रविवार को बाजार लगता है. इस पार्क में भी ओपन जिम, फुटपाथ पार्क, बच्चों के लिए झूले आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.
संजय कॉलोनी में गली नंबर 50 के पास एक एकड़ जमीन पर पार्क विकसित किया जाएगा. वर्तमान में यहां के लोगों के लिए पार्क की सुविधा नहीं है. 50 लाख रुपए की लागत से इस पार्क में ओपन जिम, फुटपाथ पार्क, बच्चों के लिए झूले, इत्यादि की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. पार्क बनने से लोगों को मॉर्निंग वॉक के लिए बेहतर जगह मिलेगी.
