फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले में लोगों को बेहतर सुविधा देने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा. इस कार्य पर कुल 4 करोड़ 87 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. पीडब्ल्यूडी (लोक निर्माण विभाग- PWD B&R) की ओर से इस कार्य के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं. सड़कों के निर्माण से वाहन चालकों के साथ- साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी.
3 मुख्य रूटों पर होगा सड़क निर्माण कार्य
जिन रूटों पर सड़क निर्माण कार्य किया जाएगा, वे मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्र में आते हैं. इनमें कुछ स्थानों पर सड़कों की चौड़ाई भी बढ़ाई जाएगी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीडब्ल्यूडी द्वारा गांव चिंदड़ से सारंगपुर तक 4.35 किलोमीटर, गांव अहरवां से शेखुपुर सौत्र तक 3.20 किलोमीटर और गांव अहरवां से गुरुसर तक 5.34 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा. ग्रामीण इलाकों में लोग काफी समय से इन सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे.
6 महीने में पूरा होगा निर्माण कार्य
अब जब बजट को मंजूरी मिल चुकी है, तो टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. निर्माण कार्य को जल्द शुरू किया जाएगा. नियमानुसार जिस फर्म को यह कार्य सौंपा गया है, उसे आगामी 6 महीनों के भीतर सड़कों का निर्माण कार्य पूरा करना होगा. वर्तमान में जिन सड़कों पर काम होना है, वे काफी जर्जर हालत में हैं. इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नई सड़कें बनने के बाद स्थानीय लोगों को इन समस्याओं से राहत मिलेगी.
