फरीदाबाद | NCR में सफर करने वाले लोगों के लिए 11 साल बाद शुभ घड़ी आई है. खुशी की बात है कि ग्रेटर नोएडा को फरीदाबाद के मंझावली पुल से जोड़ने वाले प्रोजेक्ट के रास्ते में आने वाली बड़ी अड़चन को दूर कर लिया गया है. बता दें कि साल 2014 में शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी मंझावली पुल प्रोजेक्ट के लिए सरकार (Govt) ने 25.62 करोड़ रूपए की बजट राशि जारी कर दी है.
11 साल का लंबा इंतजार खत्म
बजट राशि जारी होने पर जिला प्रशासन ने किसानों से जमीन लेने के लिए सार्वजनिक नोटिस जारी कर दिया है. मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने भूमि खरीद की प्रक्रिया को अगले सप्ताह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है. बता दें कि शिलान्यास के 11 साल बाद जमीन अधिग्रहण को लेकर नोटिफिकेशन जारी हुआ है.
मिनटों में सिमटेगी दूरी
फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा के बीच आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से इस पुल का निर्माण किया जा रहा है. अभी दोनों शहरों के बीच की दूरी तय करने में 1 घंटे से ज्यादा का समय लगता है लेकिन इस पुल के निर्माण से सफर लगभग 25 मिनट में पूरा हो सकेगा. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर दोनों शहरों के बीच ट्रैफिक संचालन व्यवस्था बेहतर होगी.
महत्वाकांक्षी मंझावली पुल परियोजना पर हरियाणा की ओर से काम पूरा हो चुका है. यमुना नदी पार करीब 1 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य ग्रेटर नोएडा की तरफ भी हो चुका है.
जमीन को लेकर शुरू हुए विवाद के चलते इस प्रोजेक्ट का काम पिछले 11 साल से लटका हुआ है. प्रशासन को पुल तक सड़क का निर्माण करने के लिए 6.5 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण करना था, लेकिन किसानों के साथ जमीन को लेकर सहमति नहीं बन पा रही थी. अब इसी साल जनवरी में प्रशासन और किसान के बीच इसे लेकर सहमति बन गई है. जल्द ही, इस परियोजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाया जाएगा.
