फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले के 70 गांवों के लोगों को उनकी जमीन का मालिकाना हक दिलवाने के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है. स्थानीय लोगों को स्वामित्व योजना के तहत, मालिकाना हक का प्रमाण पत्र भी जारी किया जाएगा. नगर निगम के पास सर्वे की पुरानी रिपोर्ट है, जिसके आधार पर लोगों को मालिकाना हक़ का प्रमाण पत्र दिया जाएगा. इसके जरिए लोग अपने घर और दुकान की तहसील में जाकर रजिस्ट्री भी करवा पाएंगे.
वर्तमान में लोगों के पास नहीं है वैध प्रूफ
वर्तमान में यहाँ लोगों के पास सिर्फ घरों पर कब्जे हैं. उनके पास मालिकाना हक के लिए कोई भी प्रमाणिक दस्तावेज नहीं है, लेकिन नगर निगम अब लोगों को लाभ देने की योजना तैयार कर चुका है. इसके तहत, नगर निगम द्वारा प्रत्येक जोन में टीम गठित कर घर- घर भेजी जा रही है. एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा 15 दिन तक यह अभियान चलाया जाने का फैसला लिया है. इसके लिए लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है, ताकि वह अपनी संपत्ति के मालिकाना हक का सर्टिफिकेट लेने के लिए आगे आएं.
लोन लेना होगा आसान
एक बार जब लोगों को जमीन का हक मिल जाएगा, तो उसके बाद वह इसे गिरवी रखकर बैंक से आसान तरीके से लोन आदि भी ले पाएंगे. इसके अलावा, जमीन को बेचना और खरीदना भी अब आसान हो पाएगा. हालांकि, दूसरी तरफ कुछ लोग इस मुहिम से खुश नहीं हैं. उनका कहना है कि इसके बाद निगम को गृह कर देना पड़ेगा.
इसे लेकर ही लोग पशोपेश की स्थिति में है, लेकिन अधिकारी कह रहे हैं कि निगम 99.99 गज तक खाली प्लाट का कोई होम टैक्स नहीं लेता है. 100 गज के ग्राउंड फ्लोर के घर के लिए ₹100 वार्षिक और 150 गज ग्राउंड फ्लोर के लिए 150 रुपए वार्षिक टैक्स देना होता है.
दिखाने होंगे यह दस्तावेज
जो लोग इस योजना का लाभ उठाएंगे उन्हें जमीन का मालिकाना हक लेने के लिए नगर निगम को 10 वर्ष से घर, प्लॉट या दुकान पर कब्ज़े का प्रमाण पत्र दिखाना होगा. इनमें बिजली बिल, ड्राइविंग लाइसेंस, घरेलू गैस की कॉपी या कोई भी दस्तावेज हो सकता है.
नगर निगम की कमेटी द्वारा इन दस्तावेजों को जांचा जाएगा. इस कमेटी में गांव के लोग भी शामिल होंगे. JE आदि द्वारा सत्यापन के बाद पूरी छानबीन के बाद विभाग जमीन का मालिकाना हक उसके मालिक को दे देगी. बताते चलें कि नगर निगम प्रशासन द्वारा करीब 70 गांवों की 30,000 लोगों की लिस्ट तैयार कर ली गई है, जिसके आधार पर लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे.
