फरीदाबाद | हरियाणा के फरीदाबाद जिले में अब कचरे से रहित कोयले का उत्पादन किया जाएगा. शनिवार को वाराणसी में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने एनटीपीसी के हरित कोयला परियोजना प्लांट का दौरा किया. इस मौके पर शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव विकास गुप्ता (IAS), फरीदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के आयुक्त धीरेंद्र (IAS), संयुक्त सचिव कंवर सिंह (HCS) तथा ओएसडी सौरभ ढल सहित अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम मौजूद रही.
NTPC के साथ हुआ एमओयू साइन
इस दौरान विपुल गोयल ने फरीदाबाद और गुरुग्राम को प्राथमिकता के आधार पर इस परियोजना से जोड़े जाने की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 20 जुलाई 2023 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की नेतृत्व में गुरुग्राम एवं फरीदाबाद में हरित कोयला क्षेत्र की स्थापना के लिए एनटीपीसी के साथ एक एमओयू साइन किया गया था. इस दौरान विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद थे. इस समझौते के तहत, फरीदाबाद और गुरुग्राम में हरित कोयला उत्पादन के संयंत्र स्थापित किए जाएंगे.
हर रोज 500 टन तक कोयला तैयार होगा
दोनों शहरों में हर रोज 400 से 500 टन हरित कोयले का उत्पादन किया जा सकेगा. वर्तमान में फरीदाबाद में प्रतिदिन लगभग 600 से 700 टन और गुरुग्राम में लगभग 1000 से 1200 टन ठोस शहरी कचरा उत्पन्न हो रहा है. मंत्री गोयल ने जानकारी दी कि प्रशासनिक स्तर पर फरीदाबाद और गुरुग्राम में इस परियोजना के तहत संयंत्रों के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस योजना के सफल होने पर हरियाणा प्रदेश कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में देशभर में एक उदाहरण प्रस्तुत करेगा.
