फरीदाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में दर्शन करने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए रोडवेज विभाग द्वारा नई सुविधा की शुरुआत की गई है. विभाग द्वारा बल्लभगढ़ बस स्टैंड से अमृतसर और डबवाली के लिए AC बस सेवा संचालित करने का फैसला लिया गया है. इन लंबे रूट्स पर एसी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को चिलचिलाती गर्मी से छुटकारा मिलेगा और उनका सफर आरामदायक हो सकेगा.
डिपो में शामिल हुई 10 नई एसी बसें
फरीदाबाद रोडवेज बेड़े में पहले से 13 एसी बसें शामिल हैं जिन्हें चंडीगढ़, पंचकूला, शिमला, यमुनानगर, हरिद्वार, हिसार और भिवानी के लिए संचालित किया जा रहा है. अब डिपो में 10 नई एसी बसें और शामिल हो चुकी है. इन बसों के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे कर लिए गए हैं. जल्द ही, इनका संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
फरीदाबाद रोडवेज डिपो के ट्रांसपोर्ट मैनेजर नवनीत बजाज ने बताया कि बहुत जल्द इन एसी बसों को अमृतसर, डबवाली, जयपुर और कैथल के लिए संचालित किया जाएगा. सबसे पहले अमृतसर के लिए बस सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी क्योंकि शहर से बड़ी संख्या में लोग स्वर्ण मंदिर और वाघा बॉर्डर देखने के लिए जाते हैं.
आरामदायक होगी लंबी दूरी की यात्रा
ऐसे यात्रियों को कई बार ट्रेन में आरक्षित सीट का लाभ नहीं मिल पाता है, तो उनके पास एसी बस का विकल्प मौजूद होगा. पहले अमृतसर जाने के लिए दिल्ली जाकर बस पकड़नी पड़ती थी, लेकिन अब उन्हें बल्लभगढ़ बस डिपो से ही एसी बस सेवा की सुविधा उपलब्ध रहेगी. उन्होंने बताया कि डबवाली पंजाब बार्डर पर स्थित है. ऐसे में सामान्य बसों से सफर करने पर इतनी लंबी दूरी तय करने में यात्रियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन अब एसी बस में उनका सफर आरामदायक हो जाएगा.
