फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद से स्टूडेंट्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां स्टूडेंट्स को बहुत जल्द मशहूर नेहरू कॉलेज के नए भवन की सौगात मिलने जा रही है. नया भवन पूरी तरह से आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. यदि सबकुछ उम्मीद के मुताबिक रहा तो अगले साल जून महीने तक इस भवन को स्टूडेंट्स को सौंप दिया जाएगा. इस नए भवन के तैयार होने पर स्टूडेंट्स को यहां प्राइवेट कालेज जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेगी.
बजट की कमी से प्रभावित हुआ कार्य
पिछले 12 साल से बतौर क्लर्क नेहरू कालेज में कार्यरत सत्यवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने इस कालेज की कच्चे से पक्के तक की यात्रा देखी है. साल 2019 में इस कालेज के नए भवन का शिलान्यास हुआ था, लेकिन 2023 में बजट की कमी के चलते निर्माण कार्य अटक गया. लोक निर्माण विभाग ने फिर से काम शुरू करने के लिए 35 करोड़ रुपए की मांग रखी, लेकिन निर्माणधीन विभाग को 14 करोड़ रुपए का बजट मिला और उसी से अब आगे का काम चल रहा है. फिलहाल, फिनिशिंग का काम बचा हुआ है.
उन्होंने बताया कि पुरानी बिल्डिंग बिल्कुल जर्जर हालत में पहुंच चुकी थी और PWD ने 2016 में इसे कंडम घोषित कर दिया था. वर्तमान में इस कालेज में लगभग 7 हजार स्टूडेंट्स शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और इग्नू तथा गुरु जंभेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालयों का भी स्टडी सेंटर भी चलता है. क्लर्क सत्यवीर सिंह ने बताया कि नए भवन में 15 हजार स्टूडेंट्स के लिए बैठने की व्यवस्था होगी. नया भवन बनने पर यहां प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे CET, HTET और NEET का आयोजन आसानी से करवाया जा सकेगा.
नए भवन में होगी यह सुविधाएं
नेहरू कालेज का नया भवन 6 मंजिला होगा और इसमें चारों ओर लिफ्ट की सुविधा, स्मार्ट क्लासरूम, बड़ी डिजिटल 24×7 लाईब्रेरी, साइंस लैब, वातानुकूलित सेमिनार हाल एवं विश्राम गृह और स्टोर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि लगभग 50 साल पुराने इस कालेज का नया भवन स्टूडेंट्स के लिए नई उम्मीद, नया भरोसा और नई पहचान लेकर आएगा.
