फरीदाबाद से ग्रेटर नोएडा के बीच सीधी सड़क की मिलेगी सुविधा, दिल्ली के चक्कर लगाने से मिलेगा छुटकारा

फरीदाबाद | ग्रेटर नोएडा से फरीदाबाद के बीच आवागमन करने वालों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. दोनों शहरों को जोड़ने के लिए यमुना नदी पर बने पुल तक सड़क मार्ग के निर्माण के लिए साढ़े 65 करोड़ रुपए की धनराशि जारी कर दी गई है. लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य को पूरा किया जाएगा.

Sadak Road

पैसा और समय दोनों की बचत

इस सड़क मार्ग के निर्माण से दोनों शहरों के बीच सीधी आवाजाही संभव हो जाएगी. हजारों की संख्या में वाहन चालकों को इसका फायदा पहुंचेगा. लोगों को दिल्ली या ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे होकर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी. वहीं, दिल्ली से ट्रैफिक दबाव कम करने में सफलता मिलेगी.

बता दें कि ग्रेटर नोएडा को फरीदाबाद से जोड़ने के लिए यमुना नदी पर मंझावली गांव के नजदीक साल 2014 में पुल निर्माण कार्य को शुरू किया गया था. 10 साल के लंबे इंतजार के बाद पुल के निर्माण कार्य को पूरा कर लिया गया था लेकिन गौतमबुद्ध नगर में पुल के लिए संपर्क सड़क निर्माण न होने के चलते अभी तक लोगों को इसका फायदा नहीं मिल पा रहा था.

फोरलेन बनेगी पांच किमी लंबी सड़क

यहां गौतमबुद्ध नगर में अट्टा गुजरान से पुल तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क हैं. इसमें 3.29 किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी नहीं होने के चलते 1.7 किलोमीटर लंबे हिस्से की सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है. लेकिन अब जमीन संबंधी अड़चन दूर होने पर इस सड़क मार्ग के निर्माण के लिए साढ़े 65 करोड़ रुपए की धनराशि जारी कर दी है. इस धनराशि से पहले से बनी 3.29 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाया जाएगा और इसके साथ ही 1.7 किलोमीटर लंबे हिस्से को भी फोरलेन तैयार किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  फरीदाबाद में एक ही रूट पर गुजरेगी रैपिड रेल और एलिवेटेड रोड, सुपरफास्ट हो जाएगा गुरुग्राम व नोएडा का सफर

इस सड़क मार्ग के निर्माण से न केवल दोनों शहरों के बीच आवागमन सीधा हो जाएगा बल्कि यात्रा के समय में भी बचत होगी. हालांकि लोग अभी इस रास्ते से सफर करते रहते हैं लेकिन पक्की सड़क नही होने से रास्ता काफी जोखिम भरा हैं और हर वक्त दुर्घटना की संभावना बनी रहती है. खासकर बरसात के मौसम में तो यहां दलदल होने से और ज्यादा खतरा पैदा हो जाता है.

20 मिनट में पहुंचेंगे फरीदाबाद

वर्तमान में ग्रेटर नोएडा से फरीदाबाद आने वाले वाया नोएडा और दिल्ली होकर इस सफर को पूरा कर रहे हैं. ऐसे में मंझावली पुल तक सड़क मार्ग का निर्माण कार्य पूरा होने पर लोगों को सीधे रास्ते का विकल्प मिलेगा और इस सफर को पूरा करने में मात्र 20 मिनट का समय लगेगा. ग्रेटर नोएडा से यमुना नदी पर बने पुल से होकर लोग फरीदाबाद पहुंच जाएंगे. इससे स्टूडेंट्स, नौकरी करने वाले और रोजमर्रा के काम से रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को फायदा पहुंचेगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.