फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि फरीदाबाद में मेवला अंडरपास से सिद्धदाता आश्रम रोड तक नई सड़क और ड्रेनेज व्यवस्था बनाने की परियोजना शुरू हो गई है. इस परियोजना का शुभारंभ केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुज्जर और बड़खल के MLA धनेश अदलखा ने किया. इस परियोजना पर लगभग 3 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे. इससे दिल्ली- आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग की सूरजकुंड से सीधी कनेक्टिविटी होगी, जिसका लाभ लाखों लोगों को होगा.

लगभग 3 करोड़ रुपए आएगी लागत
केंद्रीय मंत्री के अनुसार सेक्टर- 45 में लंबे समय से सीवर समस्या के समाधान के लिए लगभग 2 करोड़ रुपए की लागत से नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी और सेक्टर- 46 में लगभग 1 करोड़ रुपए की लागत से बरसात घर निर्माण का कार्य किया जाएगा. मेवला अंडरपास क्षेत्र में ब्लाइंड स्पाट और जलभराव की समस्या दूर करने के लिए सड़क को नीचा किया जाएगा और ड्रेन एवं जालियां लगाई जाएगी. यहां पार्कों में चारदीवारी, जिम, फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट सहित कई विकास कार्य किए जाएंगे.
सिद्धदाता आश्रम रोड से अंडरपास तक डिवाइडिंग रोड निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. इसके साथ ही, सेक्टर 21A, B, C, D, 45 और 46 के 54 पार्कों में चारदीवारी, फुटपाथ और सौंदर्यकरण का कार्य प्रगति पर है.
जलभराव की भारी समस्या
मेवला अंडरपास और उसके आसपास के इलाके में बारिश के दौरान पानी भर जाता है. सड़क पर ज्यादा पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार तो ट्रैफिक घंटो तक लगा रहता है. इसके साथ ही, वाहन खराब होने की दिक्कत भी हो जाती है. नई परियोजना के तहत केवल सड़क निर्माण ही नहीं बल्कि आधुनिक सीवर लाइन और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम भी तैयार किया जाएगा, ताकि बारिश के पानी को तुरंत निकाला जा सके.