फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद शहर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) ने एक नई योजना बनाई है. जिसके तहत दशहरा ग्राउंड के पास फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. 1.5 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर से वाहन चालक कई लालबत्तियों से छुटकारा पाते हुए आसानी से डबुआ सब्जी मंडी तक पहुंच सकेंगे.
FMDA ने इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली है. अब इसे स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी के पास भेजा जाएगा और वहां से हरी झंडी मिलते ही परियोजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा.
शहर को ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
बता दें कि फरीदाबाद शहर के लोगों को जगह-जगह ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है. राष्ट्रीय राजमार्ग-19 या दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की लिंक रोड से उतरने के बाद अक्सर शहरवासियों और बाहर से आने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम की समस्या से दो-चार होना पड़ता है. इसी समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए दशहरा ग्राउंड के सामने से डबुआ सब्जी मंडी के पहले तक नया फ्लाईओवर ले जाने की तैयारी है.
कुछ ही मिनटों में पूरा होगा सफर
FMDA द्वारा तैयार की गई डीपीआर के मुताबिक, 1.5 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर निर्माण पर करीब 200 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होने का अनुमान है. इस फ्लाईओवर के निर्माण से वाहन चालक दशहरा ग्राउंड के सामने से आवंती बाई चौक होते हुए, मस्जिद चौक चौराहे के ऊपर से होते हुए, हार्डवेयर चौक और डबुआ रेड लाइट के पहले तक कुछ ही मिनटों में पहुंच सकेंगे. वर्तमान में यहां से गुजरने वाले वाहनों को ट्रैफिक जाम से जूझते हुए करीब 30-40 मिनट का समय लगता है लेकिन फ्लाईओवर निर्माण के बाद कुछ ही मिनटों में इस दूरी को तय किया जा सकेगा.
गुरुग्राम से NIT के लिए भी इसी रास्ते का इस्तेमाल
दशहरा ग्राउंड के पास से ईएसआईसी चौक को जोड़ने वाली मुख्य सड़क काफी संकरी है. ऐसे में गुरुग्राम से NIT की ओर आवागमन करने वाले वाहन चालक भी इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं. जिसके चलते अक्सर यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. ऐसे में फ्लाईओवर के निर्माण से शहर के लोगों को बड़ी राहत पहुंचेगी. FMDA के कार्यकारी अभियंता रमेश बागड़ी ने बताया कि सीएम कार्यालय से हरी झंडी मिलने के बाद फोरलेन के इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य लगभग डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
