फरीदाबाद | हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सेक्टर- 12 एस्कॉर्ट कंपनी के पास से बीपीटीपी चौक तक बनने वाले करीब 2.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड फ्लाईओवर की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर ली गई है. अगले सप्ताह इसे मंजूरी के लिए सीएम कार्यालय भेजा जाएगा.
इधर- उधर चक्कर काटने से मिलेगा छुटकारा
ईस्ट- वेस्ट परियोजना के तहत, सैनिक कालोनी से बीपीटीपी चौक तक बनने वाला यह रूट कुल 9 किलोमीटर एलिवेटेड बनेगा. इसके निर्माण से सैनिक कालोनी से ग्रेटर फरीदाबाद का सफर मात्र 15 मिनट में पूरा हो सकेगा. इससे हजारों वाहन रफ्तार भरते हुए आसानी से अपने सफर को पूरा कर सकेंगे.
वर्तमान समय की बात करें तो स्मार्ट सिटी में सैनिक कालोनी से ग्रेटर फरीदाबाद को जोड़ने के लिए अभी कनेक्टिविटी का काफी अभाव है. दोनों इलाकों को आपस में कनेक्ट करने के लिए कोई सीधा सड़क मार्ग नहीं है, जिसके चलते वाहन चालकों को ग्रेटर फरीदाबाद तक पहुंचने के लिए इधर- उधर चक्कर काटते हुए अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचना पड़ता है. इस दौरान उन्हें ट्रैफिक जाम से भी रूबरू होना पड़ता है और कुछ ही मिनटों का सफर पूरा करने में आधे घंटे का समय लग जाता है.
लोगों को इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए पिछले दिनों फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) ने ईस्ट- वेस्ट परियोजना के तहत सेक्टर- 12 से बीपीटीपी चौक तक एलिवेटेड फ्लाईओवर के निर्माण की योजना बनाई है.
यह रहेगा पूरा रूट
ईस्ट- वेस्ट परियोजना के तहत, सैनिक कॉलोनी से दो कनेक्टिड फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा. 1.6 किलोमीटर लंबा एक फ्लाईओवर सैनिक कॉलोनी से ईएसआईसी चौक तक बनेगा. दूसरे फ्लाईओवर का निर्माण सैनिक कॉलोनी से प्याली चौक, हार्डवेयर चौक से बाटा चौक तक किया जाएगा. दिल्ली की तरफ जाने पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अजरौंदा चौक स्थित खाटू श्याम मंदिर के पास अंडरपास बनाया जाएगा.
बनेंगे 8 फ्लाईओवर
आठ जगहों पर फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए जाने प्रस्तावित है. इनमें बड़खल गांव के ऊपर से एक फ्लाईओवर निकाला जाएगा. दूसरा फ्लाईओवर सैनिक कॉलोनी मोड़ पर गुरुग्राम रोड से उतरते बड़खल रोड तक बनाया जाएगा. तीसरा फ्लाईओवर बड़खल गांव में पार करते हुए झील के साथ बनाया जाएगा और चौथे फ्लाईओवर का निर्माण अनखीर चौक पर किया जाएगा.
