फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद शहर में ट्रैफिक संचालन को सुचारू रूप से जारी रखने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में नीलम बाटा रोड पर दरगाह के पास ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए स्लिप रोड का निर्माण किया जाएगा. इस रोड के निर्माण के लिए चौक से अतिक्रमण को हटाया जाएगा. पीक आवर्स के दौरान यहां भयंकर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
इस संबंध में मंगलवार को बड़खल विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने नगर निगम और बिजली निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर मौके का निरीक्षण किया.
उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को अतिक्रमण साफ करने के निर्देश दिए ताकि स्लिप रोड के निर्माण कार्य को बिना किसी परेशानी के शुरू किया जा सकें. बता दें कि नीलम बाटा रोड से NIT-1 स्थित मार्केट में जाने वाले वाहन चालक इसी सड़क मार्ग का इस्तेमाल करते हैं.
विधायक ने दिए निर्देश
इस सड़क मार्ग के दोनों ओर रेहड़ी वालों के अतिक्रमण के साथ ही यहां कुछ जगहों पर अवैध निर्माण भी किया गया है. इस कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई है. यहां कई बार ट्रैफिक जाम के हालात पैदा हो जाते हैं.
विधायक धनेश अदलखा ने कहा कि NIT में वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए जिन-जिन सड़कों पर अतिक्रमण किया गया है, उनको साफ किया जाएगा. वाहन चालकों के लिए बिना ट्रैफिक जाम में फंसे आवाजाही आसान बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे.
