फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद की संस्था शीश का दानी ट्रस्ट ने इंटरनेशनल लेवल पर अपनी पहचान बना ली है. इस ट्रस्ट का नाम इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ है. दिव्य चित्रों के साथ सिले और मुद्रित सबसे लंबे कपड़े की कैटेगरी में यह रिकॉर्ड बनाया गया है. प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल के नेतृत्व में ट्रस्ट द्वारा 1551 फुट लंबी श्याम ध्वजा राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर में चढ़ाई गई थी. इसके लिए करीब 1 लाख श्याम प्रेमियों ने रिंगस से खाटू श्याम मंदिर तक पैदल यात्रा की थी.
2022 में हुई ट्रस्ट की स्थापना
ट्रस्ट के प्रधान रिंकू जुनेजा और सचिव योगेश तनेजा ने बताया कि उनके ट्रस्ट में 35 सदस्य हैं. 2022 में इस ट्रस्ट की स्थापना की गई थी और पिछले दो वर्षों से ध्वजा यात्रा का आयोजन हो रहा है. 2023 में 1151 फुट और 2024 में 1551 फुट लंबी ध्वजा चढ़ाई गई थी. जुलाई 2024 में सबसे लंबी ध्वजा यात्रा निकालने का विचार आया. सभी सदस्यों की सहमति के बाद प्रसिद्ध गायक कन्हैया मित्तल को प्रचार के लिए आमंत्रित किया गया, जिन्होंने सहयोग का आश्वासन दिया.
1.40 लाख का आया खर्च
1551 फुट लंबी ध्वजा बनाने के लिए गुजरात के सूरत से प्रिंटेड कपड़ा मंगवाया गया. डेढ़ महीने तक फतेहाबाद में इसकी सिलाई की गई और कुल मिलाकर 2 महीने का समय लगा. कपड़ा मंगवाने और सिलाई में करीब 1 लाख 40 हजार रुपए का खर्च आया. यह ध्वजा चढ़ाने का कार्यक्रम 7 दिसंबर 2024 को आयोजित किया गया था.
