फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले से किसानों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) द्वारा 5.33 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च कर 457 कृषि ट्यूबवेल कनेक्शनों को जारी करने की कार्ययोजना को मंजूरी प्रदान की गई है. निगम प्रबंधन द्वारा इन कनेक्शनों के लिए फर्मों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं.
किसानों द्वारा पिछले लंबे समय से इन ट्यूबवेल कनेक्शनों को जारी करने की मांग उठाई जा रही थी. कई बार बिजली निगम कार्यालयों पर धरने-प्रदर्शन तक किए गए हैं. ऐसे में अब कनेक्शन जारी होने पर किसानों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी.
किसानों को मिलेगी राहत
इस परियोजना के तहत नई 11 kV और एलटी लाइनों का निर्माण, ट्रांसफॉर्मरों की स्थापना व क्षमता वृद्धि सहित सभी आवश्यक कार्य किए जाएंगे. योजना के अनुसार साइट सर्वेक्षण, डिजाइन, इंजीनियरिंग, निर्माण, असेंबली, परीक्षण और आपूर्ति जैसे सभी तकनीकी चरण पूरे किए जाएंगे. सामग्री की लोडिंग, परिवहन, अनलोडिंग, बीमा, साइट पर डिलीवरी, हैंडलिंग, भंडारण और स्थापना का कार्य भी शामिल रहेगा. परियोजना में अंतिम चरण के तहत परीक्षण व कमीशनिंग कर कनेक्शनों को विधिवत चालू किया जाएगा.
समय पर सिंचाई की मिलेगी सुविधा
DHBVN के एक अधिकारी ने बताया कि इस परियोजना के दौरान वे सभी सहायक कार्य और सामग्री भी शामिल की जाएगी, जो भले ही स्पष्ट रूप से सूचीबद्ध न हो लेकिन कार्य को पूरा करने के लिए आवश्यक है. इस कदम से उन किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन जारी होंगे, जो लंबे समय से इंतजार में बैठे थे. इससे सिंचाई व्यवस्था में सुधार आएगा और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा. फसलों की समय पर सिंचाई से बंपर पैदावार मिलेगी तो किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा.
