फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले में बाजरा व मूंगफली की आवक शुरू हो गई है. यहां भट्टू मंडी में सोमवार को किसान मूंगफली व बाजरे की फसल लेकर पहुंचे. यहां मूंगफली करीब 150 क्विंटल आई, जबकि बाजरा 50 क्विंटल आया. इन दोनों फसलों के खरीद के लिए सरकार द्वारा भट्टू मंडी में खरीद केंद्र बनाया गया है, जिसके अनुसार सरकारी खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होनी है.
MSP से नीचे बिक रही फसलें
किसानों ने फसल निकाल कर लाना शुरू कर दिया है. यहां मूंगफली 5500 प्रति क्विंटल बिकी, तो वहीं बाजरा 2200 प्रति क्विंटल बिका हैं. जो न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से काफी कम रहा. बता दें कि हरियाणा सरकार ने बाजरे का 2775 रुपए प्रति क्विंटल तथा मुंगफली का 7263 रुपए प्रति क्विंटल MSP घोषित किया हुआ है. ऐसे में किसानों को बाजरे पर 575 रुपए प्रति क्विंटल और मूंगफली पर 1750 रुपए प्रति क्विंटल का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.
इन्हीं किसानों को मिलेगा MSP
सरकार की ओर से बाजरे की खरीद के लिए जिले में तीन मंडियां निर्धारित की गई है. इस बार बाजरे की खरीद फतेहाबाद, पीली मंदोरी और भट्टू मंडी को खरीद केंद्र बना गया है. इस साल बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 150 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 2,775 कर दिया गया है, जबकि पिछले साल 2,625 प्रति रुपये क्विंटल था. किसानों को अपनी बाजरे की फसल को बेचने के लिए मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण करना जरूरी है. केवल उन्हीं किसानों की फसल MSP पर खरीदी जाएगी जिन्होंने इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया होगा.
जिला उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मंडियों में नमी मापने वाले मीटर की व्यवस्था होनी चाहिए. फसल लेकर मंडियों में आने वाले किसानों के लिए बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं. खरीद के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. मंडियों के मुख्य द्वारों पर खरीद के मानदंडों वाले होर्डिंग लगाए जाएं.
