फतेहाबाद | सैनिक स्कूल सोसाइटी रक्षा मंत्रालय भारत सरकार की ओर से सैनिक स्कूल कुंजपुरा के उपप्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल निर्मलजीत सिंह ने दो अन्य अधिकारियों की एक टीम के साथ फतेहाबाद में स्थित सैनिक स्कूल खारा- खेड़ी का त्रैमासिक निरीक्षण किया. स्कूल निदेशिका डॉ० ज्योत्स्ना, स्कूल प्रशासक श्री विक्रमादित्य द्वारा स्कूल पहुंचने पर उनका हार्दिक स्वागत किया गया.
रक्षा मंत्रालय की टीम ने किया निरीक्षण
स्कूल कमांडेंट कर्नल डॉ० डीवी नेहरा द्वारा स्कूल की गतिविधियों के बारे में उन्हें पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई. इसके बाद अधिकारियों की टीम ने स्कूल के विभिन्न हिस्सों जैसे शैक्षणिक ब्लॉक, प्रयोगशालाओं, प्रशिक्षण क्षेत्रों, छात्रावासों और कैडेट्स मेस आदि का निरीक्षण किया. उन्होंने स्कूल के सभी दस्तावेजों का निरीक्षण किया एवं विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन नए छात्रावास भवन का भी गहन निरीक्षण किया.
जमकर की सराहना
निरीक्षण के दौरान लेफ्टिनेंट कर्नल निर्मल जीत सिंह ने न्यू सैनिक स्कूल द्वारा अपने अल्पकालीन अस्तित्व में शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सभी क्षेत्रों में प्रदर्शित उत्कृष्ट प्रगति की भूरि-भूरि प्रशंसा की. विद्यालय की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली, अनुशासन, आधारभूत संरचना एवं भविष्य की योजनाओं से वे अत्यंत प्रभावित हुए.
स्कूल चेयरमैन डॉ० युद्धवीर सिंह ने स्कूल के सफलतापूर्ण निरीक्षण के लिए सभी अध्यापकों, प्रशिक्षकों व कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि यह निरीक्षण न्यू सैनिक स्कूल की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा.
