फतेहाबाद | हरियाणा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान के लिए हमेशा चर्चा में रहा है. उत्तर- पश्चिम भारत में स्थित यह प्रदेश आर्थिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है. कृषि, उद्योग और खेल के क्षेत्रों में भी राज्य ने विशेष पहचान बनाई है. क्या आप जानते हैं कि राज्य का एक जिला ऐसा भी है, जिसे ‘गुलाबी नगरी’ यानी ‘पिंक सिटी’ के नाम से जाना जाता है.

दिलचस्प है इस नाम की वजह
फतेहाबाद जिले को ‘पिंक सिटी’ कहा जाता है और इसके पीछे एक दिलचस्प वजह है. दरअसल, जिले के तत्कालीन उपायुक्त जगवंत सिंह अहलावत ने शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए एक अभियान चलाया था. इस दौरान नगर परिषद, सरकारी इमारतों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों को गुलाबी रंग में रंगवाया गया.
इसलिए मिली यह पहचान
जब कोई व्यक्ति शहर में प्रवेश करता है, तो चारों ओर गुलाबी रंग की झलक दिखाई देती है. सरकारी इमारतें, सार्वजनिक स्थल सभी गुलाबी रंग में रंगे हुए नजर आते हैं. यही कारण है कि फतेहाबाद को ‘गुलाबी नगरी’ के रूप में पहचान मिल गई है. गौरतलब है कि इस शहर का नामकरण फिरोजशाह तुगलक के पुत्र फतेह खान के नाम पर किया गया था.