फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां के ग्रामीण इलाकों में पीने के पानी की समस्या खत्म करने और जलापूर्ति व्यवस्था को और आधुनिक बनाने के लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की है जिसके तहत जिले के विभिन्न गांवों में जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार, नए बूस्टिंग स्टेशनों के निर्माण और पाइपलाइन नेटवर्क को मजबूत करने के लिए कुल 37 करोड़ 93 लाख 18 हजार रुपए का बजट अनुमानित किया है.
जिसमें से 15 करोड़ 79 लाख 82 हजार रुपए के टेंडर जारी किए जा चुके हैं. इन प्रोजेक्ट्स के धरातल पर उतरने से न केवल पानी की बर्बादी होगी बल्कि ग्रामीण इलाकों में स्वच्छ पेयजलापूर्ति से लोगों को राहत पहुंचेगी.
फतेहाबाद के इन गांवों में बेहतर होगी व्यवस्था
गांव जांडवाला बागड़ और मोहम्मदपुर रोही में गंदे पानी की आपूर्ति से लोग परेशान हैं. इस समस्या को दूर करने के लिए गांव जांडवाला बागड़ में 4 करोड़ 56 लाख 51 हजार रुपये की बजट राशि से टैंकों की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी और नई मशीनरी स्थापित की जाएगी. इसी तरह गांव मोहम्मदपुर रोही में 9 करोड़ 40 लाख 51 हजार रुपये की लागत से नवीनीकरण कार्य पूरा होगा जिससे जल भंडारण क्षमता 16 दिन से बढ़कर 24 दिन हो जाएगी.
कुकडांवाली और आसपास के गांवों बोदीवाली, सरवरपुर और गिल्लाखेड़ा के लिए लगभग 10 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है. यहां गिल्लाखेड़ा में नया पंपिंग स्टेशन बनाकर डीआई पाइप के जरिए नहरी पानी पहुंचाया जाएगा.
फतेहाबाद जिले के गांव चपला मोरी में 1 करोड़ 46 लाख 64 हजार की लागत से नया बूस्टिंग स्टेशन बनेगा. वर्तमान में सालम खेड़ा से दूरी ज्यादा होने के चलते जलापूर्ति में लो प्रेशर की समस्या है, जो इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर दूर हो जाएगी.
नहर बंदी में बढ़ेगी भंडारण क्षमता
ढिंगसरा और किरढान गांवों में पेयजल की भारी किल्लत को देखते हुए 3 करोड़ 86 लाख 54 हजार रुपये की अनुमानित राशि से फतेहाबाद ब्रांच नहर से पानी लिफ्ट करने की योजना बनाई गई है. गांव दैय्यड़ में 1 करोड़ 88 लाख 89 हजार रुपये खर्च कर नया टैंक, फिल्टर और पंपिंग मशीनरी लगाई जाएगी. इससे नहर बंदी के दौरान पानी का बैकअप 16 दिन से बढ़कर 32 दिन हो जाएगा.
जनस्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सिरढान और मोहम्मदपुर रोही की एससी बस्तियों में जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास किया जाएगा. इसके लिए सिरढान की एमजीजीबीवाई कालोनी में 1. 23 करोड़ रुपये से नई पाइपलाइन बिछाने और चारदीवारी ऊंची करने का कार्य होगा ताकि सुरक्षा व्यवस्था पहले से और बेहतर हो सकें.
