फतेहाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखते हुए कई धार्मिक स्थलों के लिए सीधी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है. इसी कड़ी में फतेहाबाद रोडवेज डिपो ने बिश्नोई समाज के सबसे बड़े धार्मिक स्थल मुक्ति धाम मुकाम के लिए स्पेशल बस सेवा को हरी झंडी दिखाई हैं. मुकाम धाम के लिए सीधी बस सेवा 17 सितंबर यानि आज से शुरू हो रही है.
यह रहेगा शेड्यूल
यह बस फतेहाबाद बस स्टैंड से प्रतिदिन सुबह सवा 9 बजे रवाना होकर सुबह सवा 10 बजे हिसार और शाम 6 बजे राजस्थान के बीकानेर में स्थित मुकाम धाम पहुंचेगी. यहां पर रात्रि ठहराव के बाद यह बस अगले दिन सुबह 10 बजे मुकाम से रवाना होकर शाम साढ़े 6 बजे फतेहाबाद पहुंचेगी. फतेहाबाद से चलकर यह बस गांव धांगड़, बड़ोपल, खाराखेड़ी, अग्रोहा मोड़, हिसार, राजगढ़, चुरू और छापर होते हुए मुकाम धाम का सफर तय करेगी.
हर अमावस्या को जाते हैं लोग
बिश्नोई समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने मुकाम धाम के लिए सीधी बस सेवा का संचालन शुरू करने पर फतेहाबाद रोडवेज डिपो का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि लंबे समय से फतेहाबाद से मुकाम धाम के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है. फतेहाबाद में एक दर्जन से ज्यादा बिश्नोई बाहुल्य गांव हैं. समाज के लोग नियमित रूप से मुकाम धाम जाते रहते हैं, परन्तु अमावस्या पर बड़ी संख्या में लोग मुकाम धाम जाते हैं. मुकाम में गुरू जम्भेश्वर महाराज का समाधि स्थल और मंदिर हैं.
फतेहाबाद बस स्टैंड के संस्थान प्रबंधक ने बताया कि बिश्नोई समाज की डिमांड पर 17 सितंबर से मुकाम धाम के लिए वाया हिसार होकर स्पेशल बस सेवा को हरी झंडी दिखाई जा रही है. इस बार मुकाम मेले का आयोजन 21 सितंबर को होगा. ऐसे में मेले तक इस बस का नियमित रूप से संचालन किया जाएगा. मुकाम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को इस बस के संचालन का फायदा मिलेगा.
