फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले में लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) की ओर से गांव माजरा और मोहम्मदपुर रोही में 33 kVA के नए बिजली घरों की शुरुआत हो गई है. इनके शुरू होने से आसपास के दस किलोमीटर की करीब 20 हजार से ज्यादा आबादी को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी. इनके निर्माण पर लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत आई है.
इन गांवों में बेहतर होगी बिजली आपूर्ति
बिजली निगम के एसडीओ वरुण मेहता ने बताया कि गांव माजरा में बिजली घर बनने से साथ लगते गांवों ढाणी माजरा, रजाबाद और भिरड़ाना के कुछ एरिया में निर्बाध बिजली आपूर्ति हो सकेगी. गांव मोहम्मदपुर रोही में नया बिजली घर बनने से गांव धांगड़, बड़ोपल, चिंदड़, कुम्हारिया और झलनिया में बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी.
उन्होंने बताया कि दोनों गांवों में बिजली घर बनने से इन गांवों के साथ- साथ आसपास के क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या और बार- बार बिजली कट लगने की परेशानी से निजात मिलेगी. गर्मी के सीजन में भी उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी. पहले दूसरे बिजली घरों से सप्लाई आने के चलते वोल्टेज कम रहने या फाल्ट आने पर उसको ठीक करने में ज्यादा समय लगता था, लेकिन अब तकनीकी समस्या को तुरंत प्रभाव से ठीक किया जा सकेगा.
लंबे समय से थी मांग
गांव माजरा और मोहम्मदपुर रोही के लोगों ने बताया कि लंबे समय से यहां बिजली घर बनाने की मांग उठाई जा रही थी, जो अब जाकर पूरी हुई है. दोनों नए बिजली घर शुरू होने से न केवल ग्रामीण इलाकों के लोगों, बल्कि खेतों में किसानों को भी फायदा पहुंचेगा. वोल्टेज कम रहने, बार- बार बिजली कट जैसी समस्याओं से छुटकारा मिलेगा. वहीं, छोटे- मोटे उद्योग चलाने वालों को भी निरंतर बिजली आपूर्ति होती रहेगी.
