फतेहाबाद | हरियाणा में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में फतेहाबाद जिले के रतिया शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. प्रदेश सरकार द्वारा शहर के लोगों को नहरी पानी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 40 करोड़ रुपए की लागत से नई पाइपलाइन बिछाने की कार्ययोजना तैयार की गई है.
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका द्वारा सहनाल रोड पर 23 एकड़ भूमि पर नए जलघर का निर्माण करवाया गया है. इस प्रोजेक्ट पर 60 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च हुई है. शहर के 17 वार्डों में 40 करोड़ रुपए की लागत से नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी.
स्वास्थ्य के लिए खतरा था पानी
उन्होंने बताया कि शहर में नहरी पानी की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग लंबे समय से उठ रही थी क्योंकि मौजूदा पानी की वजह से कैंसर और हेपेटाइटिस सी जैसी बीमारियों के फैसले की आंशका बनी हुई थी. यह पानी लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो रहा था. पुरानी पाइपलाइन कई जगहों से लीक हो रही है जिससे कई बार सप्लाई में गंदा पानी आने की समस्या से भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी. अब प्रदेश सरकार ने लोगों को इस परेशानी से राहत दिलाने की तैयारियां शुरू कर दी है और लोगों को बहुत जल्द पीने के लिए नहर के साफ पानी की सुविधा मिलेगी.
जल्द मिलेगा नहरी पानी
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ अंचल जैन ने बताया कि शहर की 50 हजार से ज्यादा आबादी वर्तमान में ट्यूबवेल का पानी पी रही है, जिसका टीडीएस 600 है. शहर में 22 ट्यूबवेलों से जलापूर्ति हो रही है. उन्होंने बताया कि नए जलघर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है. जल्द ही, नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा. उम्मीद है कि अगले 6 महीने में इस काम को पूरा कर लिया जाएगा जिसके बाद शहरवासियों को नहरी पानी की जलापूर्ति की सुविधा मिलेगी.
