फतेहाबाद रोडवेज डिपो को मिलेगा 10 नई बसों का तोहफा, लंबे रूटों पर होगा संचालन

फतेहाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में फतेहाबाद रोडवेज डिपो को बहुत जल्द 10 नई बसों का तोहफा दिया जाएगा. जून के पहले सप्ताह तक ये बसें रोडवेज डिपो के बेड़े में शामिल हो जाएगी.

 

लंबे रूट्स पर होगा संचालन

फतेहाबाद रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि बसों के चेसिस पहले ही गुरुग्राम भेजे जा चुके हैं जहां उन पर बॉडी निर्माण कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है. इस कार्य के पूरा होते ही सभी 10 बसे जिला डिपो में पहुंच जाएंगी. इसके बाद, आवश्यक औपचारिकताएं पासिंग, इंश्योरेंस, परमिट आदि पूरी होते ही इन ट्रेनों को विभिन्न रूटों पर हरी झंडी दिखा दी जाएगी.

आरामदायक सफर का मिलेगा लाभ

उन्होंने बताया कि नई बसों के शामिल होने से कई रूट्स पर बस सेवाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी. इन नई बसों के आने से लंबी दूरी के रूटों पर यात्रियों का सफर आरामदायक हो जाएगा. वहीं, लंबे रूट्स पर फिलहाल जो बसें संचालित हो रही है, उन्हें लोकल रूटों पर भेज दिया जाएगा जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी.

जिला डिपो अधिकारी ने बताया कि फतेहाबाद से चंडीगढ़, दिल्ली और जयपुर जाने वाले यात्रियों को इन नई बसों का सीधा फायदा पहुंचेगा. फिलहाल, इन रूटों पर बसों की कमी के चलते यात्रियों को भीड़- भाड़ में सफर करने पर मजबूर होना पड़ रहा है. अब आधुनिक सुविधाओं से लैस इन नई बसों के संचालन से यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक और सुरक्षित बनेगा.

गुरुग्राम में जिले के लिए 10 नई रोडवेज बसें तैयार हो रही हैं, चेसिस पहले ही भेजी जा चुकी है. उम्मीद है कि जून माह के पहले सप्ताह तक ये बसें फतेहाबाद पहुंच जाएंगी. इनके आने के बाद इन्हें लंबे रूटों पर संचालित किया जाएगा- सुमित कुमार, कर्मशाला प्रबंधक, रोडवेज फतेहाबाद

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.