गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में विशेष मेहमान होंगे फतेहाबाद के सरपंच, बेहद खास कार्यों की वजह से मिली जगह

फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले की आधा दर्जन ग्राम पंचायतों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. यहां के सरपंचों को विशेष मेहमान के तौर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली बुलाया गया है. ये सरपंच 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह में स्पेशल गेस्ट बनेंगे. विकास एवं पंचायत विभाग की ओर से इन सरपंचों को दिल्ली भेजा जाएगा.

Republic Day Parade

हालांकि, फतेहाबाद जिले से 6 सरपंचों के नाम चंडीगढ़ स्थित विकास एवं पंचायत विभाग के मुख्यालय भेजे गए थे लेकिन मुख्यालय स्तर पर अभी तक 2 सरपंचों ने ही सभी मापदंडों को पूरा किया है. कौन-कौन से सरपंच चयनित होंगे, इसकी जानकारी जनवरी महीने में सामने आएगी. इन 6 में से 4 महिला सरपंच हैं.

फतेहाबाद से इन सरपंचों का भेजा गया नाम

जिला परिषद के CEO कार्यालय की ओर से गांव दीवाना की सरपंच सोनिया को स्वच्छता, पेयजलापूर्ति और स्वतंत्रता सेनानी विरासत, बरसीन के सरपंच विकास कुमार को बालिका पंचायत, Wi-Fi, सीसीटीवी कैमरे और फाइव स्टार रेटिंग जबकि गांव नागपुर की सरपंच अनीता, दादुपुर की सरपंच प्रेरणा, हुक्मावाली की सरपंच सुमन देवी और जल्लोपुर के सरपंच मांगेराम का नाम का चयन स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन के तौर पर किया गया है.

जमीनी स्तर पर बने लोगों की पसंद

जिला परिषद CEO ने बताया कि उपरोक्त सभी सरपंचों का चयन पूरी तरह से योग्यता और उनके द्वारा जमीनी स्तर पर किए गए विकास कार्यों के आधार पर किया गया है. इन सरपंचों द्वारा किए गए सार्वजनिक विकास कार्यों की ग्रामीणों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है. मुख्यालय द्वारा 6 नाम मांगे गए थे और इनमें से मुख्यालय स्तर पर ही 2 सरपंच चयनित होंगे, जो दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर विशेष मेहमान शिरकत करेंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.