बिश्नोई समाज के लिए खुशखबरी, फतेहाबाद- हिसार से मुकाम के लिए चलेगी स्पेशल बस; फटाफट देखें टाइमिंग

फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद और हिसार सहित आसपास के इलाकों से राजस्थान के बीकानेर स्थित मुकाम धाम पर आयोजित हो रहे वार्षिक मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. श्रद्धालुओं की सुविधा का ख्याल रखते हुए फतेहाबाद रोडवेज डिपो ने मुकाम के लिए सीधी बस सेवा के संचालन का फैसला लिया है. इस बस का संचालन 13 फरवरी से 19 फरवरी तक होगा.

Haryana Roadways Bus

फटाफट देखें टाइमिंग व स्टॉपेज

फतेहाबाद रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि यह बस हर रोज सुबह 9 बजे फतेहाबाद के नए बस स्टैंड से रवाना होकर अग्रोहा, हिसार, राजगढ़, चुरू व रतनगढ़ होते हुए शाम करीब 5 बजे मुकाम पहुंचेगी. लगभग 350 किलोमीटर लंबे इस सफर को पूरा करने में 7 घंटे के आसपास समय लगेगा.

इसी तरह वापसी में सुबह 9 बजे मुकाम से फतेहाबाद के लिए रवाना होगी. मेला स्पेशल इस बस में प्रति व्यक्ति यात्री किराया 390 रुपए रहेगा. उन्होंने बताया कि बिश्नोई समाज के लोगों की मांग पर स्पेशल बस सेवा शुरू की गई है. यदि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़-भाड़ रहती है तो एक और अतिरिक्त बस सेवा उपलब्ध करा दी जाएगी.

आस्था का बड़ा केंद्र है मुकाम

राजस्थान के बीकानेर स्थित मुकाम धाम बिश्नोई समाज के लोगों की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र माना जाता है. यह स्थल गुरु जंभेश्वर महाराज के समाधि स्थल (मुक्ति धाम) के रूप में प्रसिद्ध है जहां साल में दो बार फाल्गुन और अश्विन अमावस्या पर विशाल मेला लगता है. इन मेलों में देशभर से बड़ी संख्या में बिश्नोई समाज के व्यक्ति पहुंचते हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.