फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले से आमजन के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां जाखल स्थित कुलां- भूना सड़क मार्ग 6 महीने के लिए बंद रहेगी. यह सड़क जिला मुख्यालय फतेहाबाद से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करती है. अंबाला रेलवे डिविजन ने इस संबंध में फतेहाबाद डीसी और जिला पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
हरियाणा में इस वजह से बंद रहेगी सड़क
भारतीय रेलवे ने जाखल- कूलां- भूना सड़क पर बने रेलवे ओवरब्रिज (ROB) को ऊंचा करने का फैसला लिया है. इस दौरान सड़क मार्ग से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित रहेगी. रेलवे ने इस रूट को डायवर्ट करने की तैयारी कर ली है ताकि निर्माण कार्य के दौरान कोई बाधा उत्पन्न न हो.
रेलवे जाखल जंक्शन से गुजरने वाली मालगाड़ियों के लिए डबल ट्रैक बिछा रहा है. लुधियाना रूट पर डबल स्टैक मालगाड़ियों को संचालित करने की योजना है लेकिन वर्तमान रेलवे ओवरब्रिज की ऊंचाई कम होने की वजह से यहां से मालगाड़ियों का गुजरना संभव नहीं है. इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए ओवरब्रिज की ऊंचाई बढ़ाई जा रही है.
अतिरिक्त दूरी करनी पड़ेगी तय
इस सड़क के बंद होने से यात्रियों और बड़े वाहनों को काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है. जाखल से फतेहाबाद जाने के लिए यह मुख्य रोड हैं. अब बस यात्रियों और भारी वाहनों को वाया मुनक- टोहाना होकर जाना पड़ेगा. इससे सफर तय करने में ज्यादा समय लगेगा और साथ ही ईंधन खर्च में बढ़ोतरी होगी.
रेलवे द्वारा बनाए गए अंडरपास से छोटे वाहन फतेहाबाद की ओर आसानी से जा सकेंगे. बड़े वाहनों को अतिरिक्त दूरी तय कर अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचना होगा. जाखल, कूलां, भूना, फतेहाबाद और आसपास के गांवों के लोगों को रूट डायवर्ट से चलना होगा, जिसके लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी. इससे उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित होगी.
