फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद जिले के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि सरकार ने इस जिले के खेतों में करीब 14 करोड़ रुपए की लागत से नई पाइपलाइन बिछाने की घोषणा की है, जिससे इस जिले में बारिश और नहरों के अतिरिक्त पानी की निकासी संभव हो सकेगी, जिससे कि किसानों की फसलें बर्बाद न हो और खेत दोबारा खेती योग्य बन सके. इस योजना के अंतर्गत लगभग 2 हजार एकड़ कृषि भूमि को स्थायी रूप से राहत मिलने की उम्मीद है.

2 परियोजनाओं से कार्य होगा पूरा
इस परियोजना के तहत, फतेहाबाद में सिंचाई विभाग की ओर से नेशनल हाईवे पर स्थित गांव बड़ोपल और चिंदड़ में बारिश के पानी की निकासी के लिए काम शुरू कर दिया गया है. सबसे पहले बड़ोपल में खेतों से बारिश का पानी निकालने के लिए खाराखेड़ी माइनर के साथ 900MM व्यास की RCC NP 3 पाइपलाइन बिछाई जाएगी.
गांव चिंदड़, सारंगपुर और खासा महाजन क्षेत्र के खेतों में बारिश के पानी की निकासी के लिए अलग से परियोजना तैयार की जाएगी. इन दोनों परियोजनाओं पर लगभग 14 करोड़ रुपए की लागत आएगी. इन दोनों परियोजनाओं को मानसून से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
लंबे समय से किसान परेशान
लंबे समय से इस इलाके के किसान जलभराव के कारण भारी नुकसान झेल रहे है. बारिश के दिनों में खेत तालाब में तब्दील हो जाते है, जिससे गेहूं, कपास और धान जैसी फसलें प्रभावित होती है. इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय विधायक दुड़ाराम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने किसानों की सालों पुरानी समस्या को गंभीरता से लिया है.
उन्होंने बताया कि पाइपलाइन परियोजना पूरी के बाद जल निकासी की व्यवस्था मजबूत होगी और हजारों किसानों को सीधा फायदा होगा.