गुरुग्राम में 2 हाइवे के बीच मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी, 181 करोड़ से बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर

गुरुग्राम | मिलेनियम सिटी गुरुग्राम के लोगों को जल्द ही ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलने वाली है. बता दें कि शहर में लगभग 180 करोड़ रुपए की लागत से नया एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा. यह एलिवेटेड कॉरिडोर सेक्टर 10 बस डिपो तक विस्तारित किया जाएगा, जिससे द्वारका एक्सप्रेसवे और दिल्ली- जयपुर हाईवे के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा. इस कनेक्टिविटी से वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है.

Elevated Road

3- 3 लेन का होगा एलिवेटेड रोड

इस नए कॉरिडोर के बनने से गुरुग्राम की कनेक्टिविटी पहले से ज्यादा मजबूत होगी, क्योंकि हर रोज लाखों वाहन यहां की सड़कों से गुजरते है, जिसके कारण कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लंबा जाम लगता है. खासतौर पर ऑफिस टाइम में लोगों को घंटों तक ट्रैफिक में फंसना पड़ता है. ऐसे में नए कॉरिडोर से इस समस्या का समाधान होगा.

यह परियोजना पिछले कई दिनों से चर्चा में है. पहले यहां सड़क चौड़ीकरण और फ्लाईओवर निर्माण का विचार- विमर्श चल रहा था, लेकिन अब एलिवेटेड रोड को अधिक प्रभावी समाधान माना गया है. परियोजना के अनुसार एलिवेटेड रोड 3- 3 लेन का होगा, जबकि दोनों ओर 2- 2 लेन की सर्विस रोड भी बनाई जाएगी.

सड़क कनेक्टिविटी होगी मजबूत

नए कॉरिडोर के निर्माण से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और यात्रा करने में कम समय लगेगा. इससे दिल्ली- एनसीआर के बीच आवागमन करने वाले लोगों को सीधा फायदा मिलेगा. नए एलिवेटेड कॉरिडोर से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि रियल एस्टेट क्षेत्र को भी फायदा मिलेगा. वहीं, बेहतर सड़क संपर्क होने आसपास के क्षेत्रों में प्रॉपर्टी के दाम भी बढ़ेंगे. पिछले दिनों कई बड़ी कंपनियों ने गुरुग्राम में बड़े निवेश की घोषणा भी की है, जो शहर में बढ़ते इंफ्रास्ट्रक्चर का सबूत है.

Avatar of Anita Poonia
Anita Poonia
View all posts

मेरा नाम अनीता पूनिया है. मैं पिछले 2 साल से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हूँ. वर्तमान मे Haryana E Khabar न्यूज वेबसाइट के लिए कंटेंट राइटर का काम कर रही हूँ.