गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और गुरुग्राम के बीच सफर करने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां मरम्मत कार्य के चलते 15 अगस्त तक द्वारका एक्सप्रेसवे सुरंग और IGI एयरपोर्ट अंडरपास (गुरुग्राम जाने वाला दाया मोड़) बंद रहेगा, जिसके चलते दिल्ली में शिव मूर्ति से आरयूबी तक द्वारका एक्सप्रेसवे (किमी 0.6 से किमी 5.3) तक रूट प्रभावित रहेगा.
वैकल्पिक रूट्स अपनाने की सलाह
इस सड़क मार्ग पर रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मरम्मत कार्य किया जाएगा. मरम्मत कार्य 6 अगस्त से शुरू हो चुका है और 15 अगस्त तक चलेगा. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा इस अंडरपास पर मरम्मत कार्य करवाया जा रहा है. ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि द्वारका एक्सप्रेसवे टनल और IGI एयरपोर्ट अंडरपास (गुरुग्राम जाने वाला दायां मोड़) ट्रायल के कुछ समय पहले खोला गया था और उसी की मरम्मत और रखरखाव के लिए यह काम किया जा रहा है.
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि रात के समय इस काम को पूरा किया जाएगा, तो ऐसे में बड़े स्तर पर यातायात प्रभावित होने की संभावना नहीं है. हालांकि, ट्रैफिक पुलिस द्वारा लोगों को अपनी योजना के अनुसार यात्रा करने और वैकल्पिक रूट्स अपनाने की सलाह दी गई है.
अतिरिक्त समय लेकर करें सफर
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि IGI एयरपोर्ट जाने वाले यात्री थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर घर से निकले. भले ही मरम्मत कार्य रात के समय किया जा रहा है लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने से इंकार नहीं किया जा सकता है. ऐसे में घर से समय से निकलना ही ज्यादा बेहतर विकल्प रहेगा.
