गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम जिले के झटोला गांव का एक ऐसा परिवार है, जिनका मन सेना के अलावा किसी और पेशे में कभी नहीं लगा. इस परिवार के सदस्य बीते 100 वर्षों से लगातार सेना में सेवाएं दे रहे हैं. इस परंपरा को पांचवीं पीढ़ी के लवनीत सिंह यादव ने आगे बढ़ाया है, जिन्हें 31 मई 2025 को भारतीय नौसेना में कमीशन मिला.
ग्रामीणों के लिए भोज का आयोजन
इस उपलब्धि की खुशी में रविवार को परिवार ने अपने पैतृक गांव झटोला में ग्रामीणों के लिए भोज का आयोजन किया. देश सेवा का यह गौरवपूर्ण सिलसिला वर्ष 1934 में शुरू हुआ था, जब परिवार के बुजुर्ग सदस्य प्रभाती राम यादव ब्रिटिश भारतीय सेना में शामिल हुए थे. उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध में भी भाग लिया था और तब से यह परंपरा जारी है. सूबेदार धर्म सिंह यादव का परिवार देश की थल सेना, वायुसेना और नौसेना तीनों में सेवाएं दे चुका है.
6 युद्धों का हिस्सा रहा ये परिवार
परिवार की पांचवीं पीढ़ी के सदस्य लवनीत सिंह यादव ने बताया कि उनके लिए यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि गर्व की बात है कि वह अपने परिवार की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ा पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह उनकी जिम्मेदारी है कि आने वाली पीढ़ियां भी इस परंपरा को निभाएं और देश सेवा में जुटी रहें. यादव परिवार ने 1948, 1962, 1965, 1971, 1999 और अब 2025 में भी भारतीय सेना की ओर से युद्ध में भाग लिया है. इस अभूतपूर्व योगदान के लिए न केवल ग्रामीणों में गर्व की भावना है, बल्कि सैन्य अधिकारी और रक्षा विशेषज्ञ भी इस परिवार की सराहना कर रहे हैं.
ऐसा रहा 5 पीढ़ियों का सफर
- यादव परिवार की पहली पीढ़ी में चुन्नी लाल और तिलसुख भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं, जबकि उनके तीसरे भाई ने खेती और परिवार की देखभाल की.
- दूसरी पीढ़ी में सूबेदार प्रभाती राम यादव और उनके तीन भाई भारतीय सेना में भर्ती हुए. चौथे भाई ने खेती-बाड़ी और परिवार को संभाला.
- तीसरी पीढ़ी में प्रभाती राम के दो बेटे, सूबेदार धर्म सिंह यादव और उनके भाई भी सेना में शामिल हुए.
- चौथी पीढ़ी में धर्म सिंह यादव के चार बेटों में से कैप्टन रणबीर सिंह भारतीय सेना में, राजेंद्र सिंह और नरेंद्र सिंह भारतीय नौसेना में शामिल हुए. उनका चौथा बेटा सतबीर सिंह हरियाणा सरकार में सीडीपीओ के पद पर कार्यरत है.
- पांचवीं पीढ़ी में नरेंद्र सिंह का बेटा लवनीत सिंह यादव और रणबीर सिंह का बेटा परमवीर सिंह यादव भारतीय नौसेना में सेवाएं दे रहे हैं. उनके भांजे मनीष यादव भारतीय वायुसेना में विंग कमांडर के पद पर कार्यरत हैं.
