गुरुग्राम | हरियाणा परिवहन विभाग (Haryana Transport Department) द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं टूरिस्ट स्थलों के लिए सीधी बस सेवा का संचालन किया जा रहा है. वहीं, गर्मी के मौसम में यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए एसी बस संचालित की जा रही है.

एक और रूट पर एसी बस सेवा की शुरुआत
हरियाणा रोडवेज विभाग द्वारा गुरुग्राम डिपो से सिरसा के लिए नई एसी बस सेवा की शुरुआत की गई है. यह बस वाया झज्जर, बेरी, महम, हांसी, हिसार और फतेहाबाद होते हुए सिरसा पहुंचेगी. इन शहरों से दिल्ली स्थित IGI एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए यह बस एक बेहतर विकल्प साबित होगी.
यह रहेगा शेड्यूल
यह बस गुरुग्राम से सुबह 9 बजे रवाना होकर 10.10 बजे झज्जर, साढ़े 10 बजे बेरी, 11.20 बजे महम, दोपहर 12.25 बजे हांसी, 01.10 बजे हिसार और दोपहर 02.40 बजे सिरसा पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में सिरसा से दोपहर 03.20 बजे रवाना होकर शाम 4 बजे फतेहाबाद, 05.20 बजे हिसार, शाम 6 बजे हांसी, 06.50 बजे महम, रात 8 बजे झज्जर और रात 09.20 बजे गुरुग्राम पहुंचेगी.