गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि हरियाणा का मिलेनियम सिटी गुरुग्राम अब बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर बदलाव की ओर बढ़ रहा है. बढ़ते ट्रैफिक जाम, जलभराव और अव्यवस्थित सड़कों की समस्या से जूझ रहे गुरुग्रामवासियों के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने लगभग 400 करोड़ रुपए की सड़क और ट्रांसपोर्ट परियोजनाओं को हरी झंडी दी है. इन परियोजनाओं का उद्देश्य गुरुग्राम शहर को अधिक तेज, व्यवस्थित और सिग्नल- फ्री बनाना है.

इन मुख्य परियोजनाओं पर होगा कार्य
गुरुग्राम में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए 5 एलिवेटेड रोड कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई है. इन परियोजनाओं में NH- 48 से वाटिका चौक, राजीव चौक से अतुल कटारिया चौक, महावीर चौक से इफको चौक और अतुल कटारिया चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक मोबिलिटी सुधार कार्य शामिल है. GMDA ने शहर के कई जामग्रस्त चौराहों पर 7 नए फ्लाईओवर और अंडरपास बनाने की योजना तैयार की है. इनमें प्रमुख चौराहों को पर कार्य किया जाएगा, ताकि रेडलाइट पर लगने वाला समय कम हो.
ड्रेनेज सिस्टम पर फोकस
परियोजना में केवल सड़क निर्माण ही नहीं बल्कि जलनिकासी व्यवस्था को भी शामिल किया गया है. इसके अंतर्गत लेग- 4 ड्रेन, नरसिंहपुर ड्रेन, ताऊ देवी लाल स्टेडियम ड्रेन और सेक्टर 68- 75, 76- 80 और 112- 115 में ड्रेनेज परियोजनाओं का कार्य जारी है. इसके साथ ही, शहर में डिप डी- सिल्टिंग कार्यों के लिए 200 से अधिक मैनपावर तैनात की गई है.
CCTV कैमरे, लाइब्रेरी और एम्फीथिएटर कार्य
GMDA अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना के तहत वैली स्कूल रोड, गुरुग्राम यूनिवर्सिटी रोड, सुभाष चौक सहित कई जगह मलबा हटाने का विशेष अभियान चलाया गया है. इसके अलावा निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के अवैध डपिंग को रोकने के लिए कई स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे. वहीं इसके अंतर्गत देवी लाल स्टेडियम का विकास, सेक्टर -15 के साथ स्पोर्ट्स बेल्ट का विकास और सेक्टर- 52A स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में लाइब्रेरी और एम्फीथिएटर का निर्माण शामिल है.