गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम जिले में राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. बता दें कि हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जिले में वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई हाईटेक POS मशीनें और डिजिटल वेट मशीनें उपलब्ध कराई है. विभाग की ओर से यह पहल करने का मुख्य उद्देश्य राशन डिपो पर होने वाली गड़बड़ियों, कम तौल और कालाबाजारी जैसी शिकायतों पर रोक लगाना है.

लंबे समय से थी शिकायत
विभागीय अधिकारियों के अनुसार पहले कई उपभोक्ता शिकायत करते थे कि डिपो संचालक मशीन में अलग और तौल में अलग मात्रा दिखाकर राशन में डंडी मार देते है. अब नई मशीनों में इलेक्ट्रानिक तौल प्रणाली सीधे POS सिस्टम से जुड़ी रहेगी, जिससे जितना राशन मशीन में दर्ज होगा, उतना ही उपभोक्ता को देना आवश्यक होगा. इससे राशन वितरण आसान होगा और रिकॉर्ड तुरंत ऑनलाइन अपडेट हो जाएगा.
इन क्षेत्रों में नई मशीनें की वितरित
विभाग के अधिकारियों के अनुसार नई व्यवस्था के अनुसार गुरुग्राम क्षेत्र में 86 नई POS मशीनें और वेट मशीनें वितरित की जा चुकी है, जबकि सोहना क्षेत्र में 51 और बादशाहपुर क्षेत्र में 13 मशीनों का वितरण किया गया है. इसके साथ ही, पटौदी और फरुखनगर क्षेत्र में भी जल्द ही नई मशीनों का वितरण किया जाएगा. वहीं, नई मशीनों को चलाने ASFO सुनील कुमार की मौजूदगी में प्रशिक्षण दिया जाएगा.
नई मशीनों के लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को सही मात्रा में राशन मिलेगा और शिकायतों में कमी आएगी. विभाग को भी रियल- टाइम डेटा मिलेगा कि किस डिपो से कितने राशन का वितरण हुआ है. इससे निगरानी आसान होगी और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई तेज हो सकेगी.