गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम और उसके आसपास के इलाकों से रोडवेज बस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि रोडवेज विभाग ने पहली बार गुरुग्राम बस स्टैंड से पिंक सिटी जयपुर और ताज नगरी आगरा के लिए नई AC बस सेवा के संचालन को हरी झंडी दिखा दी है. इन दोनों महत्वपूर्ण रूटों पर एसी बसें संचालित होने से यात्रियों का सफर और ज्यादा सुहावना हो जाएगा.

बसों के संचालन का शेड्यूल
गुरुग्राम बस डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि दोनों बसों के लिए रूट परमिट मिलने के बाद रविवार से आगरा और जयपुर के लिए एक- एक एसी बस सेवा की शुरुआत कर दी गई है. गुरुग्राम बस स्टैंड से आगरा के लिए बस सुबह 7 बजे रवाना होकर 11 बजे के आसपास आगरा पहुंचेगी. वहीं, आगरा से वापसी में दोपहर साढ़े 12 बजे रवाना होकर शाम साढ़े 4 बजे तक गुरुग्राम पहुंचेगी.
उन्होंने बताया कि गुरुग्राम से जयपुर के लिए एसी बस दोपहर 12 बजे रवाना होगी. जयपुर से यही बस शाम 7 बजे वापिस गुरुग्राम के लिए चलेगी. इस दोनों बसों के संचालन का विशेष तौर पर उन लोगों को ज्यादा लाभ पहुंचेगा, जो दिन में अपना छोटा- मोटा काम निपटाकर वापस आना चाहते हैं. इसके अलावा, वैद्यनाथ, पंचकूला सहित कई अन्य रूटों पर भी एसी बसों के संचालन की योजना बनाई गई है. जैसे- जैसे रूट परमिट जारी होते रहेंगे, एसी बसों के संचालन को हरी झंडी दिखा दी जाएगी.
पर्यटकों को गर्मी से मिलेगा छुटकारा
पर्यटन के लिहाज से देखें तो बड़ी संख्या में गुरुग्राम और आसपास से लोग जयपुर और आगरा घूमने जाते हैं. अभी तक इन्हें रोडवेज की सामान्य बसों में सफर करना पड़ रहा था, जो गर्मी और लंबी दूरी के कारण काफी थकावट भरा हो जाता था, लेकिन अब इन रूटों पर एसी बसों के संचालन से हजारों यात्रियों का सफर आरामदायक हो जाएगा. यात्रियों को चिलचिलाती गर्मी से छुटकारा मिलेगा.