गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में CCTV कैमरा परियोजना का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है. उसके बाद, अब गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) शहर में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरा परियोजना के दूसरे चरण की शुरुआत करने की तैयारी में है. हाल ही में हाई पावर परचेज कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री ने जिस निविदा को आवंटन के लिए मंजूरी दी थी, उसे प्राधिकरण द्वारा संबंधित एजेंसी को सौंप दिया गया है.
इन क्षेत्रों में लगेंगे हाईटेक कैमरे
इस चरण के तहत, सोहना, बादशाहपुर, पटौदी, फरुखनगर, धनकोट, चंदू बुढेड़ा, पंचगांव, बिलासपुर, हैली मंडी, द्वारका एक्सप्रेसवे (सेक्टर 89 से 108), केएमपी एक्सप्रेसवे के साथ टोल स्थानों (बादली, फरुखनगर, पटौदी और मानेसर), सेंट्रल पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को शामिल करते हुए कुल 258 स्थानों पर कैमरों की स्थापना की जाएगी. इन क्षेत्रों में 2722 हाईटेक कैमरों की मदद से 24×7 निगरानी संभव हो पाएगी.
इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर से होगा कनेक्शन
इन स्थानों को जीएमडीए के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से भी जोड़ा जाएगा. इसके लिए प्राधिकरण द्वारा 300 किलोमीटर अतिरिक्त भूमिगत ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाने की योजना तैयार की गई है. इस बारे में जानकारी देते हुए जीएमडीए के स्मार्ट सिटी डिवीजन के प्रमुख पी. के. अग्रवाल ने बताया कि निगरानी के दायरे को और विस्तार देने की दिशा में जीएमडीए ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले गुरुग्राम और मानेसर क्षेत्र में प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई है.
इस परियोजना के लिए पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय किया जा रहा है. दूसरे चरण के तहत 258 स्थानों पर 2722 हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे. बता दें कि पहले चरण में गुरुग्राम और मानेसर में 258 स्थानों पर 1200 कैमरे लगाए गए थे. अब दूसरे चरण को भी लागू किए जाने की तैयारी तेजी से की जा रही है.
