गुरुग्राम | दिल्ली से सटे गुरुग्राम में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में नए गुरुग्राम के 10 सेक्टरों को इसी समस्या से छुटकारा दिलाने के उद्देश्य से गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) सेक्टर 68- 75 और सेक्टर 112- 115 में एक व्यापक जल निकासी नेटवर्क बिछाने का कार्य कर रहा है.
GMDA का मास्टर प्लान
इस परियोजना के अंतर्गत सेक्टर 68- 75 और 112- 115 में GMDA के इंफ्रा टू डिविजन की ओर से आरसीसी बाॅक्स टाइप मास्टर स्टार्म वाटर ड्रेन का निर्माण किया जा रहा है. इन सेक्टरों में मजबूत जल निकासी प्रणाली विकसित करने से न केवल दशकों पुरानी जलभराव की समस्या का समाधान होगा बल्कि नियोजित शहरी विकास रफ्तार पकड़ेगा और लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिलेगा.
सेक्टर 68-75 में मास्टर स्टार्म वाटर ड्रेन बिछाने की योजना के तहत विभिन्न आकारों के आरसीसी बाॅक्स टाइप ड्रेन का निर्माण किया जायेगा. इन बरसाती नालों के पानी के निर्वहन का निपटान आगामी एसपीआर के साथ वाटिका चौक से NH- 48 तक मास्टर स्टार्म वाटर ड्रेन में और लेग- 3 बादशाहपुर नाले में किया जाएगा.
पंपिंग स्टेशन का होगा निर्माण
सेक्टर 112- 115 में लगभग 7.5 किमी लंबाई में विभिन्न आकार के मास्टर आरसीसी बाॅक्स टाइप ड्रेन का निर्माण किया जाएगा और कुल ड्रेनेज सिस्टम को मास्टर लेग- 1 ड्रेन से जोड़ने का प्रस्ताव है, जो इन क्षेत्रों में मौजूद है. इसके अलावा, मानसून सीजन के दौरान मुख्य ड्रेन के किसी भी ओवरफ्लो को रोकने के लिए सेक्टर- 115 में लेग- 1 ड्रेन के पास एक पंपिंग स्टेशन का भी निर्माण किया जायेगा.
यहां पर बिछेगी नई ड्रेन
GMDA सेक्टर- 69, 70, 75 और 75A के साथ वाटिका चौक से NH- 8 तक लगभग 5.2 किलोमीटर लंबी ड्रेन बिछाने का काम कर रहा है. यह ड्रेन गुरुग्राम शहर के लेग- 4 ड्रेन के रूप में काम करेगी और भारी मानसून के दौरान बादशाहपुर ड्रेन (लेग-3) से लोड कम करने में मदद करेगी.
