गुरुग्राम | नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने वाहन चालकों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एक नई सुविधा की शुरुआत की है. फिलहाल, यह शुरुआत देश के एकमात्र गुरुग्राम के खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर शुरू की गई है. इस टोल प्लाजा पर UPI से भुगतान करने की सेवा की शुरुआत हो गई है.
UPI से भुगतान करने की सुविधा
वर्तमान में FasTag ना लगा होने पर वाहन चालकों को कैश में 2 गुना चार्ज देना पड़ता है, लेकिन अब ये UPI के माध्यम से भी भुगतान कर पाएंगे. इसका मतलब यह नहीं है कि नकद पैसा देने वालों को रोक दिया जाएगा. कैश के साथ- साथ UPI पेमेंट का भी विकल्प दिया जाएगा.
ट्रायल मोड पर सेवा
NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर इस सुविधा का परीक्षण किया जा रहा है. यहां UPI पेमेंट सुविधा शुरू करने पर अध्ययन किया जाएगा कि क्या इस प्रक्रिया में नकद लेनदेन से ज्यादा समय तो नहीं लग रहा है, जिसके चलते टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार लग रही हो. अभी तक के अध्ययन में माना जा रहा है कि UPI से भुगतान करने से नकद के मुकाबले कम समय लगेगा, लेकिन कितना कम या ज्यादा यह सब फीडबैक के आधार पर ही पता चलेगा.
NHAI का कहना है कि इन तमाम फीडबैक के साथ जल्द ही देश के तमाम टोल प्लाजा पर UPI से भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. इसके लिए जल्द ही टोल प्लाजा पर QR कोड सुविधा शुरू होगी, जो उस टोल प्लाजा को संचालित करने वाली कंपनी के नाम होगा. एनएचएआई का कहना है कि इस सिस्टम से नकद में टोल टैक्स भुगतान में होने वाले फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाने में सफलता मिलेगी.
