गुरुग्राम | मिलेनियम सिटी गुरुग्राम के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बता दें कि गुरुग्राम में लंबे इंतजार के बाद नगर निगम की मल्टीलेवल पार्किंग शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा उद्घाटन किए जाने के करीब 4 महीने के बाद इस पार्किंग को खोल दिया गया है. इस पार्किंग के शुरू होने से गुरुग्राम शहर के व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक और अवैध पार्किंग की समस्या कम होगी.

आधुनिक सुविधाओं से लैस पार्किंग
इस मल्टीलेवल पार्किंग में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है. इस 8 मंजिला पार्किंग में 200 से अधिक कारों की पार्किंग क्षमता की सुविधा है. इसके साथ ही लगभग 200 दो पहिया वाहन खड़े हो सकते है. इसमें CCTV कैमरा, सुव्यवस्थित पार्किंग स्लॉट और डिजिटल सिस्टम, इमरजेंसी उपकरण जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध है. इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग की व्यवस्था की गई है. वहीं वाहनों के प्रवेश और निकासी के लिए पार्किंग को व्यवस्थित ढंग से डिजाइन किया गया है.
ट्रैफिक जाम से राहत
यह मल्टीलेवल पार्किंग सोहना चौक क्षेत्र में बनाई गई है, जहां लंबे समय से पार्किंग की भारी समस्या बनी हुई थी. मुख्यमंत्री ने पिछले साल 30 दिसंबर को इसका उद्घाटन किया था, लेकिन संचालन एजेंसी तय न होने और टेंडर प्रक्रिया पूरी न होने के कारण इसे शुरू नहीं किया गया. नगर निगम ने कई बार टेंडर जारी किए, लेकिन एजेंसी चयन में देरी होती रही. अब स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा और मेयर राजरानी मल्होत्रा ने इसका शुभारंभ किया है. इसके बाद पार्किंग सुविधा आम जनता के लिए शुरू हो गई है.
शहर में भीड़ होने के कारण बाजारों में पार्किंग की भारी समस्या बनी रहती है. लोग सड़कों पर वाहन खड़ा करते है, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है. इस आधुनिक पार्किंग व्यवस्था से शहर में ट्रैफिक जाम और सड़क किनारे अवैध पार्किंग की समस्या को काफी हद तक कम करने में मदद मिलेगी. खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में इसका सीधा असर देखने को मिलेगा.