हरियाणा के नए जिले में बनेगा फोरलेन हाइवे, जींद रैली में प्रधानमंत्री ने किया शिलान्यास

हांसी | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा के जींद में आयोजित महारैली के दौरान हांसी- बरवाला राजमार्ग के चौड़ीकरण की महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत की. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) इस परियोजना पर करीब 90 करोड़ रुपये खर्च करेगा. लंबे समय से क्षेत्र की मांग रहे इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है.

Fourlane Highway

वर्तमान में हांसी- बरवाला मार्ग की चौड़ाई करीब 23 फीट है. परियोजना के तहत सड़क को दोनों ओर 10- 10 फीट तक चौड़ा किया जाएगा, जिससे इसकी कुल चौड़ाई 33 फीट हो जाएगी. हांसी और बरवाला के शहरी क्षेत्र के साथ-साथ रास्ते में पड़ने वाले पांच गांवों में इस हाईवे को पूरी तरह फोरलेन बनाया जाएगा.

टेंडर जारी

एनएचएआई ने इस परियोजना का प्रस्ताव करीब 1 साल पहले तैयार कर मुख्यालय भेजा था. मंजूरी मिलने के बाद टेंडर जारी किया गया और अब कार्य का आवंटन भी हो चुका है. निर्माण कार्य की शुरुआत के तहत एनएचएआई की टीम ने सड़क के दोनों ओर भूमि की निशानदेही का काम भी शुरू कर दिया है. विधायक विनोद भयाना ने कहा कि हांसी- बरवाला मार्ग का चौड़ीकरण क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग थी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस परियोजना की शुरुआत हांसी के विकास में मील का पत्थर साबित होगी. इससे यातायात अधिक सुगम होगा और सड़क हादसों में भी कमी आएगी.

अधर में लटका

हालांकि, इस हाईवे परियोजना का असर भाखड़ा नहर से हांसी शहर तक बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन पर भी पड़ा है. सड़क चौड़ीकरण के चलते पाइपलाइन निर्माण का कार्य फिलहाल अधर में लटक गया है. बताया गया है कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने सड़क किनारे पाइपलाइन डालने के लिए NHAI से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं लिया था. ऐसे में अब दोनों विभागों के बीच समन्वय के बाद ही पाइपलाइन निर्माण का कार्य आगे बढ़ सकेगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.