हांसी | हरियाणा सरकार राज्य में विकास कार्यों के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है. इसी कड़ी में प्रशासन द्वारा नवगठित जिला हांसी को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में तैयारियो को तेज कर दिया है. सरकार ने जिले की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए जिला सचिवालय के समीप हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की लगभग 10 एकड़ भूमि पर एक परियोजना बनाने पर वार्तालाप शुरू कर दी है.
अधिकारियों के लिए बनेगा आवासीय परिसर
हांसी को जिला बनाने के बाद यहां DC की नियुक्ति हो चुकी है और अब ADC, CTM, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा अधिकारियों सहित लगभग 24- 25 विभागों के जिला प्रमुखों की तैनाती होनी है इसीलिए इस जमीन पर जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए आधुनिक आवासीय परिसर, शापिंग कांप्लेक्स और एक विशाल ऑडिटोरियम विकसित करने की संभावना है. फिलहाल, DC का कैंप कार्यालय अस्थायी रूप से बीएंडआर विश्राम गृह में चल रहा है जबकि SDM आवास की मरम्मत एवं रख- रखाव कर वहां स्थायी DC कैंपस बनाने की योजना है.
मिलेगी सारी मूलभूत सुविधाएं
प्रस्तावित परियोजना के अनुसार आवासीय परिसर के अंदर ही एक छोटा शापिंग कांप्लेक्स बनाने का भी विचार किया जा रहा है ताकि कर्मचारियों को दैनिक जरूरतों और मूलभूत सुविधाएं परिसर के अंदर ही मिल सके. इसके साथ ही, जिला स्तरीय बैठक और सरकारी कार्यक्रमों के लिए एक आधुनिक ऑडिटोरियम बनाने का भी प्रस्ताव जारी है. सचिवालय के पास उपलब्ध इस भूमि का सुनियोजित व व्यवस्थित उपयोग हांसी को पूरी तरह से जिला मुख्यालय का नया रूप प्रदान करेगा.
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, नए बनने वाले इस आवासीय परिसर में वरिष्ठ एवं छोटे अधिकारियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त मकान बनाए जाएंगे जिससे उन्हें कार्यस्थल पर ही लगभग सारी सुविधाएं मिल सके. इससे एक तो सरकारी कार्यों में गति आएगी दूसरा हांसी जिले की बुनियादी संरचना मजबूत होगी.
