हांसी | हरियाणा के नए जिले हांसी के लिए एक बड़ी गौरवमई खबर सामने आई है. यहां गांव ढाणी राजू निवासी 17 वर्षीय पारस जांगड़ा ने JEE Main परीक्षा में 99.69 पर्सेंटाइल अंक हासिल कर अपने परिजनों, जिले और हरियाणा का नाम रोशन कर दिया है. उनकी इस उपलब्धि पर घर, गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल बना हुआ है.
कड़ी मेहनत से छूआ आसमान
खास बात यह है कि पारस के पिता राजेंद्र जांगड़ा दिहाड़ी मजदूरी करते हैं लेकिन उन्होंने अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए कभी कोई कसर नहीं छोड़ी. अब बेटे पारस ने भी कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से पढ़ाई करते हुए पिता की मेहनत का मूल उतारा है. उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत को जारी रखा और उसका सकारात्मक परिणाम आज सबके सामने है.
पारस ने बताया कि वह स्कूल के दिनों में रोजाना लगभग 7 घंटे तक पढ़ाई करते थे और छुट्टी वाले दिन इसे बढ़ाकर 10 दिन कर देते थे. उन्होंने बिना कोचिंग के इस उपलब्धि को हासिल किया है. सिर्फ स्कूल में पढ़ाई और YouTube की मदद से तैयारी करते हुए संदेहों को दूर कर इस सफलता को हासिल किया है.
इंजिनियर बनने का सपना
उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया. पारस ने बताया कि आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होने के बावजूद पिता जी ने शिक्षा के स्तर पर हर कदम पर सहयोग किया. जिसकी बदौलत उन्होंने इस सफलता को हासिल किया है. अब उनका सपना एक सफल इंजिनियर बनने का हैं ताकि परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया जा सके.
उनकी इस उपलब्धि पर घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. हर कोई आपस में मुंह मीठा करवाकर इस खुशी को सेलिब्रेट कर रहा है. पारस ने अपनी सफलता पर अपार खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यदि आप निरंतर परिश्रम करते हैं तो एक दिन सफलता आपके कदम अवश्य चूमती है.
