हांसी | हरियाणा सरकार ने वित्त वर्ष 2026- 27 का वार्षिक बजट पेश किया है. बतौर वित्त मंत्री सीएम नायब सैनी ने 2,23,658.17 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है जो पिछले साल के बजट की तुलना में 10.28% ज्यादा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 1 लाख युवाओं को AI की ट्रेनिंग दी जाएगी. इसके बाद, इन्हें नौकरी दी जाएगी. CM ने कहा कि हरियाणा ने इस बार कुल 98% बजट खर्च किया है.
यह इतिहास में पहली बार हुआ है. राजकोषीय घाटे में 2014 से 2024 तक 2.75% की बढ़ोतरी हुई है जबकि पिछली सरकार के कार्यकाल में यह 44% तक बढ़ गया था. सरकारी उपक्रमों के घाटे में तीन गुना की कमी आई है. उन्होंने बताया कि हरियाणा के नए जिले हांसी को मॉडर्न जिले के रूप में विकसित किया जाएगा.
मॉडर्न बनेगा हरियाणा का नया जिला
अपने बजट भाषण में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा के 23वें नए जिले हांसी के लिए कई बड़ी घोषणाएं की. उन्होंने ऐलान करते हुए कहा कि हांसी को अत्याधुनिक मॉडल जिले के रूप में विकसित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि साल 2026- 27 की शुरुआत तक हांसी में सभी जिलास्तरीय विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी.
समय- सीमा में पूरा होगा काम
इससे प्रशासनिक कार्यों को स्थानीय स्तर पर संचालित करने में मदद मिलेगी और लोगों को अन्य जिलों की भागदौड़ करने की समस्या से छुटकारा मिलेगा. CM ने बताया कि मॉडल जिला बनाने की घोषणाओं में अत्याधुनिक पुलिस लाइन का निर्माण, 200 बेड का आधुनिक जिला अस्पताल, मिनी सचिवालय भवन निर्माण और सभी विभागों के जिलास्तरीय कार्यालयों की स्थापना शामिल हैं. उन्होंने इन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का आश्वासन दिया.
