हांसी | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में प्रदेश के हाल ही में नए जिला बना हांसी से खाटूश्याम के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी गई है.

खाटूश्याम एक्सप्रेस का शेड्यूल
यह बस हांसी बस स्टैंड से दोपहर 12.10 बजे रवाना होकर 1 बजे तोशाम, 2 बजे लोहारू, शाम 4 बजे झुंझुनूं और 6 बजे सीकर पहुंचते हुए रात 07.20 खाटूश्याम पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में अगले दिन सुबह साढ़े 5 बजे खाटूश्याम से रवाना होकर साढ़े 6 बजे सीकर, 8 बजे झुंझुनूं, साढ़े 9 बजे लोहारू और साढ़े 10 बजे तोशाम पहुंचते हुए 11.20 बजे हांसी बस स्टैंड पर आगमन करेगी.
हांसी बस स्टैंड से रोजाना संचालित होने वाली यह बस वाया तोशाम, ईसरवाल, पिलानी, झुंझुनूं, नवलगढ़, सीकर और पलसाणा होते हुए खाटूश्याम का सफर तय करेगी. इस बस में हांसी से खाटूश्याम के लिए प्रति व्यक्ति यात्री किराया 295 रुपए निर्धारित किया गया है.
सुविधाजनक सफर का मिलेगा अनुभव
हांसी बस डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि खाटूश्याम के लिए सीधी बस सेवा के संचालन से यात्रियों को सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा. कम समय और सीधे रूट के चलते उन्हें बार-बार बस बदलने के झंझट से छुटकारा मिलेगा. निजी वाहनों की तुलना में बहुत ही कम खर्च पर सुरक्षित व आरामदायक सफर का लाभ उठा सकेंगे.