हांसी में बनेगा पहला बैरियर- फ्री पार्क, दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए होंगी खास सुविधाएं

हांसी | शहर में पहली बार दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए पूरी तरह बैरियर फ्री पार्क विकसित किया जाएगा. नगर परिषद ने महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क को समावेशी सुविधाओं से लैस करने की तैयारी पूरी कर ली है. करीब 45 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का टेंडर आवंटित किया जा चुका है और कार्यदायी एजेंसी ने उपकरणों व अन्य सामग्री का निर्माण शुरू कर दिया है. सामग्री पहुंचते ही पार्क में स्थापना का काम शुरू होगा.

Hansi Park

दिव्यांगजन और बुजुर्ग बिना किसी सहारे के यहां घूम सकें, व्यायाम कर सकें और सभी सुविधाओं का उपयोग कर सकें. नगर परिषद इस परियोजना को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में तैयार कर रही है. यदि यह मॉडल सफल रहा तो शहर के अन्य पार्कों में भी इसी तरह की सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

हांसी में बनेगा पार्क

पार्क में व्हीलचेयर अनुकूल रैंप और समतल पाथवे बनाए जाएंगे. बुजुर्गों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एंटी स्किड वॉकिंग ट्रैक तैयार होगा. दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष झूले और खेल उपकरण लगाए जाएंगे, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए अलग डिजाइन के ओपन जिम उपकरण भी उपलब्ध होंगे. इसके अलावा, व्हीलचेयर फ्रेंडली बेंच, सुलभ शौचालय और पार्क के हर हिस्से तक बिना किसी अवरोध के पहुंचने की व्यवस्था की जाएगी.

होंगी खास सुविधाएं

हांसी में नगर परिषद, नगर सुधार मंडल और एचएसवीपी के अधीन करीब 27 पार्क हैं, लेकिन अधिकांश सामान्य डिजाइन पर बने होने के कारण दिव्यांगजन और बुजुर्ग उनका पूरा लाभ नहीं उठा पाते. इसी जरूरत को देखते हुए यह विशेष पार्क विकसित किया जा रहा है. ऐसे पार्क दिव्यांग बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने, सामाजिक सहभागिता मजबूत करने और बुजुर्गों को सुरक्षित वातावरण में नियमित व्यायाम की सुविधा देने में अहम भूमिका निभाएंगे. परिवार के सभी सदस्य एक ही स्थान पर साथ समय बिता सकेंगे.

नगर परिषद के एमई जयवीर ने बताया कि पार्क का टेंडर आवंटित हो चुका है. उपकरण और अन्य सामग्री तैयार कराई जा रही है. सामग्री उपलब्ध होते ही महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क में स्थापना कार्य शुरू कर दिया जाएगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.